IPL 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बनी बेंगलुरु, पंजाब को 23 रन से हराया
स्पोर्ट्स डेस्क: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में रविवार के पहले मैच में पंजाब किंग्स को 23 रन से हरा दिया। धर्मशाला में बेंगलुरु ने टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 222 रन बनाए।
जवाब में पंजाब 8 विकेट खोकर 199 रन ही बना सकी। इस जीत के साथ बेंगलुरु के 18 पॉइंट्स हो गए और टीम इस सीजन में प्लेऑफ में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई। वहीं, पंजाब की यह लगातार छठी हार रही।
शशांक का अर्धशतक काम नहीं आया
पंजाब की शुरुआत बेहद खराब रही और उसने 19 रन तक 3 विकेट गंवा दिए। बाद में कूपर कोनोली, मार्कस स्टोयनिस और शशांक सिंह ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम टारगेट से 23 रन दूर रह गई। शशांक ने 27 गेंदों पर 56 रन की तेज पारी खेली।
गेंदबाजी में रसिख सलाम ने 3 विकेट झटके। जबकि भुवनेश्वर कुमार ने शुरुआती दो विकेट झटके। जोश हेडलवुड, सुयश शर्मा और रोमारियो शफर्ड को 1-1 विकेट मिला।
कोहली-वेंकटेश के अर्धशतक
इससे पहले, बेंगलुरु के लिए विराट कोहली ने 37 गेंदों में 58 रन की पारी खेली, जबकि देवदत्त पडिक्कल ने 25 गेंदों पर 45 रन बनाकर तेज शुरुआत दिलाई। आखिर में वेंकटेश अय्यर ने नाबाद 73 रन बनाए, वहीं टिम डेविड ने 12 गेंदों पर 28 रन बनाकर टीम को 220 के पार पहुंचाया।
पंजाब के लिए हरप्रीत बरार ने 4 ओवर में 35 रन देकर 2 विकेट लिए। युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह को 1-1 विकेट मिला। इस मैच में रजत पाटीदार की जगह जितेश शर्मा बेंगलुरु की कप्तानी कर रहे हैं। पाटीदार चोट के कारण यह मैच नहीं खेल रहे हैं।
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: जैकब बेथेल, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, वेंकटेश अय्यर, टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड और सुयश शर्मा।
इम्पैक्ट प्लेयर: रसिख सलाम।
पंजाब किंग्स: प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), सूर्यांश शेडगे, शशांक सिंह, अजमतुल्लाह ओमरजई, हरप्रीत बरार, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल।
इम्पैक्ट प्लेयर: मार्कस स्टोयनिस।



Post Comment