Bareilly: नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने भाजपा को घेरा, चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाये सवाल
Bareilly: समाजवादी पार्टी के नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने बीजेपी सरकार, चुनाव आयोग और कानून व्यवस्था पर तीखे हमले बोले। पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने अपनी बात की शुरुआत एक शायरी से करते हुए कहा कि दुनिया में कहीं ऐसी तमसील नहीं मिलती, कातिल ही मुहाफिज है, कातिल ही सिपाही है। महसूस ये होता है ये दौरे तबाही है, शीशे की अदालत है पत्थर की गवाही है। सिद्दीकी ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई राज्यों के चुनाव परिणामों से ऐसा लगता है कि वहां चुनाव नहीं, बल्कि लोकतंत्र का मजाक हुआ है। भाजपा शासित राज्यों के अधिकारियों को ट्रेनिंग देकर दूसरे राज्यों में ऑब्जर्वर बनाया गया, ताकि चुनावों में बेईमानी की जा सके। चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था न रहकर भाजपा के इशारों पर काम कर रहा है। सपा नेता ने महंगाई और बेरोजगारी को लेकर भी केंद्र और प्रदेश सरकार को घेरा। उज्ज्वला योजना पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि चुनाव के समय सरकार जनता को राहत देने का दिखावा करती है, लेकिन बाद में महंगाई बढ़ा देती है। खाद की बोरियों का वजन लगातार घटाया गया, जबकि कीमतें बढ़ती चली गईं।
आम आदमी पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में फिर बढ़ोतरी होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि आम आदमी पर लगातार आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा के मुद्दे पर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने हाथरस और सीतापुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में दलितों और महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। मेरठ और महोबा की घटनाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि पिछड़ी जातियों के लोगों को आज भी सामाजिक उत्पीड़न झेलना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यही भाजपा का रामराज्य है। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि वे प्रदेश के 50 जिलों का दौरा कर चुके हैं। अखिलेश यादव को ‘पीडीए’ की सोच का जन्मदाता बताते हुए उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी प्रदेश में सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर महिलाओं को 40 हजार रुपये की आर्थिक सहायता और 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।



Post Comment