Bakrid 2026: यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और बेहतर यात्रा उपलब्ध कराएगा यूपी परिवहन निगम
Bakrid 2026: ईद-उल-अजहा (बकरीद) पर यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से परिवहन निगम द्वारा विशेष व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किये गए हैं। परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने समस्त अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं कि सभी वाहनों का मानकों के अनुरूप भौतिक एवं यांत्रिक परीक्षण तत्काल कराया जाये। परीक्षण में पायी गयी कमियों का निराकरण एवं आवश्यक मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराया जाये। मरम्मत कार्य उपरान्त फिटनेस की स्थिति में वाहनों की आउट शेडिंग सुनिश्चित करते हुए उनका संचालन कराया जाये। साथ ही सभी बसों को ऑन-रोड स्थिति में रखते हुए शत-प्रतिशत संचालन के लिए तैयार रखा जाए।परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए हैं कि यात्रियों की सुविधा के मद्देनज़र बस अड्डों पर बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, सुलभ शौचालयों की साफ-सफाई तथा शौचालयों के समीप चूने के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। बसों को मार्ग पर भेजने से पूर्व उनका निरीक्षण एवं फिटनेस परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जाये कि बसों के शीशे टूटे हुए न हों तथा सीटें फटी हुई न हों। सभी बसों का संचालन साफ-सुथरी एवं सुरक्षित स्थिति में कराया जाये।
अधिकारियों को परिवहन मंत्री ने दिए जरूरी दिशा–निर्देश
परिवहन मंत्री ने कहा है कि निगम प्रशासन द्वारा समस्त चालक, परिचालक एवं बस स्टेशनों पर तैनात कर्मचारी यात्रियों के साथ मृदुल एवं शिष्ट व्यवहार करें। चालकों एवं परिचालकों को समय-समय पर यात्रियों के प्रति बेहतर व्यवहार हेतु प्रशिक्षित भी किया जाये। मार्ग पर मिलने वाले प्रत्येक यात्री को सम्मानपूर्वक बैठाने एवं उनके गंतव्य तक सुरक्षित पहुंचाने पर विशेष बल दिया है। बसों में प्रतिबंधित वस्तुओं एवं ज्वलनशील पदार्थों के परिवहन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। यह भी सुनिश्चित किया जाये कि बसों का संचालन मार्ग में पड़ने वाले समस्त बस स्टेशनों से होकर किया जाये। सभी चालक एवं परिचालक ड्यूटी के दौरान अनिवार्य रूप से निर्धारित वर्दी में कार्यरत रहें। बस स्टेशनों पर उद्घोषणा यंत्रों को सदैव क्रियाशील स्थिति में रखने तथा सभी बसों में फर्स्ट ऐड किट की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए हैं।



Post Comment