Asaduddin Owaisi: भारत में मुसलमानों की आबादी कभी भी हिंदुओं से ज्यादा नहीं होगी
Asaduddin Owaisi: AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि भारत में मुस्लिम आबादी कभी भी हिंदू आबादी से अधिक नहीं होगी। हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने तेलंगाना में नगर निगम चुनाव से पहले शुक्रवार रात निजामाबाद में एक रैली को संबोधित करते हुए यह बात कही। ओवैसी ने कहा कि वह राज्यसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हालिया भाषण को सुन रहे थे, जिसमें उन्होंने कहा था कि पूरी दुनिया की आबादी बूढ़ी हो रही है जबकि भारत की आबादी युवा है। AIMIM प्रमुख ओवैसी ने सवाल किया, “अगर प्रधानमंत्री से पूछा जाए कि देश की 60 प्रतिशत आबादी 40 साल से कम उम्र की है तो उन्होंने (मोदी ने) उनके रोजगार के लिए क्या उपाय किए हैं और उन्हें कौन से कौशल सिखाए हैं?”
मुस्लिम आबादी हिंदुओं से अधिक नहीं होगी
ओवैसी ने कहा, “20 साल बाद, यह युवा आबादी बूढ़ी हो जाएगी। महंगाई कितनी बढ़ेगी और उन्हें कितना खर्च करना पड़ेगा, इस बारे में हम सोचते ही नहीं। इसके बजाय, वे कहते हैं कि मुसलमानों की आबादी बढ़ रही है। मुस्लिम आबादी स्थिर हो जाएगी। भारत में मुसलमानों की आबादी कभी भी हिंदुओं की आबादी से अधिक नहीं होगी।” ओवैसी ने कहा, “अब उन्हें समझ आ रहा है कि 25-30 साल बाद, देश की आबादी बूढ़ी हो जाएगी। राराष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भगवत कहते हैं कि कम से कम तीन बच्चे पैदा करने चाहिए। हालांकि वह खुद ऐसा नहीं करते, यह अलग बात है।” उन्होंने कहा, “पहले कहा जाता था कि जनसंख्या नियंत्रण के लिए एक विधेयक लाया जाएगा और वे मुसलमानों की आलोचना करते थे। अब उन्हें एहसास हो गया है कि जब देश की आबादी बूढ़ी होगी तो इसका देश पर क्या असर पड़ेगा।”



Post Comment