AKTU Lucknow: 24वें दीक्षांत समारोह में 83 छात्रों को मिलेंगे 84 पदक
-
53 छात्रों को अवार्ड होगी पीएचडी की डिग्री
AKTU Lucknow: डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) का 24वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। समारोह की अध्यक्षता कुलाधिपति एवं राज्यपाल आनंदीबेन पटेल करेंगी। दीक्षांत समारोह में कुल 83 छात्रों को 84 पदक दिये जाएंगे। जिसमें 35 स्वर्ण पदक, 23 रजत और 24 कान्स्य पदक हैं। इस बार चांसलर मेडल अजय कुमार गर्ग इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम की छात्रा अंशिका राणा को दिया जाएगा। वहीं, कमल रानी वरूण स्मृति स्वर्ण पदक केआईईटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के बीटेक कम्प्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम की छात्रा इशिका को मिलेगा। समारोह में 62537 छात्रों को डिग्री एवं 53 छात्रों को पीएचडी की डिग्री अवार्ड होगी। कुल पदक पाने वालों में 52 छात्राएं वहीं 31 छात्र शामिल हैं। वहीं रोगन कला के कलाकार कंसारा आशीष शांतिलाल को डीलिट की मानद उपाधि प्रदान की जाएगी।
दीक्षांत समारोह के दौरान इस बार भी पांच श्रेणियों में स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड दिया जाएगा। इसमें एक वोमेन लेड स्टार्टअप अवार्ड, दूसरा बेस्ट डीप टेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड, तीसरा बेस्ट टेक इनोवेशन स्टार्टअप अवार्ड, चौथा एग्रीकल्चर एंड एग्रीटेक स्टूडेंट स्टार्टअप अवार्ड, पांचवां सस्टेनेबल एंड ग्रीन एनजी स्टार्टअप अवार्ड है। इसके अलावा कुलाधिपति द्वारा विश्वविद्यालय के शिक्षकों की लिखी पुस्तकों का विमोचन किया जाएगा। समारोह में विश्वविद्यालय के गोद लिये गये छह गांवों के विद्यालयों में आयोजित हुए चित्रकला, कहानी कथन एवं भाषण प्रतियागिता के विजेता बच्चों को सम्मानित किया जायेगा। पांच आंगनबाड़ी केंद्रों को सांकेतिक रूप से किट का वितरण भी किया जायेगा। दीक्षांत समारोह के बाद विश्वविद्यालय परिसर में मां बेटी सम्मेलन का आयोजन भी किया जाएगा।



Post Comment