Ajay Rai: छात्रों और युवाओं पर ‘लाठीचार्ज’! लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन

Ajay Rai: छात्रों और युवाओं पर ‘लाठीचार्ज’! लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन

Ajay Rai: दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों और युवाओं के संसद कूच के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। अजय राय ने लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि देशभर से पहुंचे छात्र-छात्राएं अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से संसद की ओर मार्च करने जा रहे थे। भारी पुलिस बैरिकेडिंग के बावजूद बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी आगे बढ़े, जिसके बाद पुलिस ने बल प्रयोग किया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्रवाई में कई छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि यह दृश्य अंग्रेजों के दमनकारी शासन की याद दिलाता है।

आंदोलन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी जायज मांगों को लेकर आंदोलन करना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन केंद्र सरकार आंदोलनकारियों की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी आंदोलन का समाधान बातचीत से निकलता है, लाठीचार्ज और आंसू गैस से नहीं। अजय राय ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों की गूंज अभियान के माध्यम से नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और छात्रों से जुड़े मुद्दों को उठा रहे हैं। उनका कहना है कि इसी का परिणाम है कि अब देशभर के युवा अपने अधिकारों और भविष्य के सवाल पर खुलकर आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने नीट पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने की मांग दोहराते हुए कहा कि यह मांग अब पूरे देश की आवाज बन चुकी है और केंद्र सरकार इससे बच नहीं सकती।

Post Comment

You May Have Missed