दुबग्गा के राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक दौड़ेगी मेट्रो, परियोजना पर 750 करोड़ खर्च का प्रस्ताव
लखनऊ: राजधानी के दुबग्गा थाना क्षेत्र में बसंतकुंज योजना स्थित राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक मेट्रो पहुंचाने की योजना ने रफ्तार पकड़ ली है। सोमवार को शासन स्तर पर हुई बैठक में इस परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में प्रस्तावित 3.30 किलोमीटर लंबे मेट्रो विस्तार की लागत करीब 750 करोड़ रुपये आंकी गई। अब यह तय होना बाकी है कि इस अतिरिक्त खर्च का वहन केंद्र और राज्य सरकार मिलकर करेंगी या इसके लिए अलग व्यवस्था होगी।
फिलहाल, मेट्रो के दूसरे चरण का प्रस्तावित रूट चारबाग से बसंतकुंज के दुबग्गा चौराहे तक है। एलडीए ने फरवरी में इस रूट को आगे बढ़ाकर राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक ले जाने का प्रस्ताव मेट्रो प्रबंधन को भेजा था। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर लगातार बढ़ रही लोगों की आवाजाही और बेहतर सार्वजनिक परिवहन की जरूरत को देखते हुए इस विस्तार को जरूरी माना जा रहा है।
बैठक में अधिकारियों ने किया मंथन
सोमवार को हुई बैठक में आवास विभाग, एलडीए और यूपी मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने परियोजना के वित्तीय और तकनीकी पहलुओं पर मंथन किया। बैठक में इस बात पर भी चर्चा हुई कि दुबग्गा से राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक मेट्रो विस्तार का खर्च भी मौजूदा मेट्रो परियोजना की तरह केंद्र और राज्य सरकार 50-50 प्रतिशत के अनुपात में वहन करें।
एलडीए का कहना है कि इस विस्तार से बसंतकुंज, आसपास की नई आवासीय योजनाओं और पश्चिमी लखनऊ के करीब पांच लाख लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक पहुंचना भी अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगा।
पांच लाख लोगों को मिलेगा परिवहन सुविधा का लाभ
वीसी एलडीए प्रथमेश कुमार ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल तक मेट्रो विस्तार के संबंध में शासन में बैठक हुई है। करीब 750 करोड़ रुपये की लागत का अनुमान है। एलडीए ने मांग रखी है कि इस परियोजना के लिए भी बजट उसी तरह उपलब्ध कराया जाए, जैसे अन्य मेट्रो परियोजनाओं के लिए दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने पर लगभग पांच लाख लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा का लाभ मिलेगा।



Post Comment