यूपी में नदियां उफनाईं, बलिया में 150 परिवारों ने छोड़ा घर; 25 शहरों में अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में पहाड़ों पर हो रही जोरदार बारिश से नदियां उफान पर हैं। प्रयागराज में गंगा और यमुना का पानी घाटों पर बनी दुकानों तक पहुंच गया है। लोग पानी में डूबे तख्त पर बैठकर पूजा करते नजर आए। बिजनौर में मालन नदी उफान पर है। पानी छोटे पुलों के ऊपर से बह रहा है।
बलिया में सरयू और घाघरा नदी के किनारों पर कटान शुरू हो गया है। इसके चलते बांसडीह में 150 परिवार घर छोड़कर दूसरी जगह शिफ्ट हो गए हैं। महराजगंज में सोमवार देर शाम से शुरू हुई बारिश मंगलवार सुबह तक जारी रही। लखनऊ, बाराबंकी और अयोध्या में सुबह बादल छाए रहे, लेकिन दिन चढ़ने के साथ धूप निकल आई।
50 शहरों में बढ़ेगी उमस
आज 25 शहरों में बारिश का अलर्ट है, बाकी शहरों में उमस बढ़ेगी। पारा 40°C पार पहुंचेगा। मौसम विभाग का कहना है कि पाकिस्तान से आ रही सूखी हवाओं के चलते पश्चिमी यूपी से मानसूनी बादल गायब हो गए हैं। इससे 3-4 दिनों तक बारिश पर ब्रेक लगा रहेगा। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश होगी।
पिछले 24 घंटे में प्रदेश के सिर्फ 16 शहरों में बारिश हुई। औसतन 8.8 मिमी. बारिश का अनुमान था, लेकिन सिर्फ 2.9 मिमी ही बारिश हुई। 1 जून से 12 जुलाई तक प्रदेश में 161.6 मिमी बारिश हुई, जो औसत से 19% कम है। महराजगंज में सबसे ज्यादा 79.9 मिमी, गोरखपुर में 41.1 मिमी, श्रावस्ती में 28.3 मिमी, संतकबीर नगर में 24.3 मिमी और सिद्धार्थनगर में 23.9 मिमी बारिश हुई।
25 जिलों में बारिश का अलर्ट
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून ट्रफ के हिमालय की तलहटी की ओर खिसकने और सूखी हवाओं की वजह से बारिश पर ब्रेक लग गया है। हवा में मौजूद नमी उमस बढ़ा रही है। हफ्तेभर ऐसी ही स्थिति बनी रहेगी। जैसे ही बंगाल की खाड़ी या अन्य क्षेत्रों में नया मौसमी सिस्टम सक्रिय होगा, बारिश की गतिविधियां तेज होंगी।
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, अयोध्या, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, देवरिया और सोनभद्र।



Post Comment