गाजियाबाद में स्पा सेंटर में चल रहा था सेक्स रैकेट, पुलिस रेड में मिलीं 23 महिलाएं; 5 गिरफ्तार
गाजियाबाद: जिले में एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में शनिवार शाम पुलिस ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कॉम्प्लेक्स की तीसरी मंजिल पर संचालित एक स्पा सेंटर में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने वहां मौजूद 23 महिलाओं को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
मौके से पांच ग्राहकों और स्पा सेंटर के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया। इसके अलावा कुछ आपत्तिजनक और संदिग्ध सामान भी बरामद किया गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मामला कौशांबी थाना क्षेत्र के वैशाली सेक्टर-4 स्थित कमर्शियल कॉम्प्लेक्स का है।
स्पा सेंटर की आड़ में हो रहा था देह व्यापार
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, शुरुआती जांच में स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर देह व्यापार संचालित होने की बात सामने आई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा सके।
एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 23 महिलाओं को रेस्क्यू किया गया, जबकि पांच ग्राहकों और एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है। इस मामले में कौशांबी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। पूछताछ के आधार पर यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस अवैध गतिविधि का संचालन कब से हो रहा था और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।



Post Comment