राम मंदिर चढ़ावा चोरी: शंकराचार्य बोले- केस में सिर्फ लीपापोती हो रही, पुलिस आज मांगेगी टिन्नू की रिमांड
अयोध्या: अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में आरोपी रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और सुभाष श्रीवास्तव को पुलिस सोमवार को फैजाबाद कोर्ट में पेश करेगी। पुलिस दोनों की रिमांड मांग सकती है। वहीं, गोरखपुर में चढ़ावा चोरी को लेकर पोस्टर लगवाने वाले सपा नेता अरविंद शुक्ला समेत तीन लोगों को पुलिस ने शनिवार देर शाम गिरफ्तार कर लिया।
इन तीनों ने शुक्रवार रात पोस्टर लगवाए थे। जिस पर लिखा था- ‘राम नाम जपना, श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाया दान अपना। रामचंद्र कह गए सिया से, ऐसा कलयुग आएगा, चोर करेगा मंदिर में चोरी, चौकीदार देखता रह जाएगा।’
शंकराचार्य बोले- सवाल उठ रहे हैं, लेकिन कोशिश लीपापोती की हो रही
शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “ये अच्छा है कि सवाल उठ रहे हैं, लेकिन कोशिश लीपापोती की ही हो रही है। जब ट्रस्ट भी सरकार ने ही बनाई है और SIT भी सरकार ने ही बनाई है। समझ लीजिए कि ये मामला वैसा ही है कि एक ही घर के लड़के कहें कि चोर-पुलिस खेलते हैं। ऐसा ही खेल वहां हो रहा है। वही चोर, वही पुलिस…क्या निर्णय होगा।”
#WATCH रायबरेली(उत्तर प्रदेश): आध्यात्मिक गुरु स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने अयोध्या राम मंदिर दान चोरी विवाद पर कहा, "ये अच्छा है कि सवाल उठ रहे हैं लेकिन कोशिश लीपापोती की ही हो रही है। जब ट्रस्ट भी सरकार ने ही बनाई है और SIT भी सरकार ने ही बनाई है। समझ लीजिए कि ये मामला… pic.twitter.com/NO0tO2VePZ
— ANI_HindiNews (@AHindinews) July 11, 2026
100 पुजारियों की भर्ती का मुद्दा फिर एजेंडे में
राम मंदिर व्यवस्था के लिए 100 पुजारियों की भर्ती का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन फिलहाल केवल 20 पुजारी ही सेवाएं दे रहे हैं। कड़ी पात्रता शर्तों और चयन प्रक्रिया के कारण भर्ती लंबे समय से अटकी हुई है। परकोटे के सभी मंदिरों में नियमित पूजा-अर्चना सुनिश्चित करने के लिए अब पुजारियों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है। ऐसे में 22 जुलाई को होने वाली बैठक में इस विषय पर निर्णय लिया जा सकता है।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट में प्रशासनिक व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। ट्रस्ट में मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) की नियुक्ति के लिए गठित तीन सदस्यीय समिति ने पात्रता के मानक तय कर दिए हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 18 जुलाई तक आवेदन कर सकेंगे। वहीं, अगली ट्रस्ट बैठक में मंदिर के लिए 100 पुजारियों की भर्ती के लंबित प्रस्ताव पर भी निर्णय होने की संभावना है।
20 साल का अनुभव और हिंदू धर्म का अनुयायी होना जरूरी
सीईओ पद के लिए अभ्यर्थी का ग्रेजुएट होना अनिवार्य होगा। साथ ही प्रशासन या वित्तीय प्रबंधन के क्षेत्र में कम से कम 20 साल का अनुभव होना चाहिए। अभ्यर्थी का हिंदू धर्म का अनुयायी होना भी आवश्यक शर्त रखी गई है। नियुक्ति तीन वर्ष के लिए होगी। चयनित अधिकारी को वेतन, आवास और अन्य सुविधाएं ट्रस्ट उपलब्ध कराएगा तथा वह पूरी तरह ट्रस्ट के प्रति उत्तरदायी रहेगा।
कैबिनेट मंत्री संजय निषाद बोले- राम-राम हैं और मंदिर-मंदिर है
संतकबीरनगर में कैबिनेट मंत्री और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद ने चंदा चोरी मामले पर कहा, “राम-राम हैं और मंदिर-मंदिर है। किसी घर में चोरी हो जाने से घर का अस्तित्व खत्म नहीं होता, बल्कि चोरी करने वाले का अस्तित्व खत्म हो जाता है।” उन्होंने यह भी कहा कि चंदा चोरी के मामले में पकड़े गए लोगों को कानून और संविधान के अनुसार उनके अपराध के अनुरूप कड़ी सजा मिलनी चाहिए।



Post Comment