शंकराचार्य से मिले अखिलेश यादव, कहा- चढ़ावा चोरी महापाप, SIT सिर्फ लीपापोती कर रही

शंकराचार्य से मिले अखिलेश यादव, कहा- चढ़ावा चोरी महापाप, SIT सिर्फ लीपापोती कर रही

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात की और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान अखिलेश जमीन पर बैठे नजर आए। 30 मिनट बाद अखिलेश बाहर आए। उन्होंने मीडिया से कहा कि शंकराचार्यजी गोमाता को लेकर बहुत चिंतित हैं। वह रास्ता निकाल रहे हैं कि किसी भी तरीके से गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान मिल जाए।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर सपा सुप्रीमो ने कहा- हमारे धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है। इन्होंने महापाप किया है। भाजपा में भगदड़ शुरू भी हो गई है। बहुत सारे लोग मुझसे अभी से संपर्क करने लगे हैं। SIT सिर्फ लीपापोती कर रही है।

जब नया मुख्‍यमंत्री आएगा तो तगड़ी कार्रवाई होगी: शंकराचार्य

वहीं, शंकराचार्य ने अखिलेश से बातचीत में कहा- ‘मंदिर में घोटाला हुआ है। कार्रवाई कर रहे हैं मुख्यमंत्री जी? वह कह रहे हैं- कार्रवाई होगी। कार्रवाई तो होगी, लेकिन जब नया मुख्यमंत्री आएगा, तब तगड़ी कार्रवाई करेगा।’

दरअसल, शंकराचार्य 81 दिन की ‘गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने’ के लिए गविधि (गोरक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा निकाल रहे हैं। इसी के तहत वह बुधवार को लखनऊ पहुंचे थे। वह फैजुल्लागंज इलाके के जगन लाल यादव गेस्ट हाउस में रात रुके। अखिलेश की शंकराचार्य से 4 महीने में यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले 12 मार्च को लखनऊ में ही मुलाकात की थी।

शंकराचार्य बोले- सरकार गाय को पशु मानती है

शंकराचार्य ने अखिलेश से बातचीत की। इस दौरान वह कहते सुने गए- हमने पूरे प्रदेश में फीडबैक लिया। पूछा कि आप लोग गाय को पशु मानते हैं या माता, तो सबने कहा- हम माता मानते हैं। हमने सबसे कहा कि देखो, आप लोग गाय को माता मानते हैं, लेकिन आपकी सरकार कहती है कि गाय पशु है।

भाजपा ने श्रीराम की मर्यादा को तोड़-मरोड़कर रख दिया

वहीं, अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा- भाजपा के विचार वोट के लिए बदलते हैं। उनके लिए धर्म नहीं, धन प्राथमिकता है। जिन्होंने जिम्मेदारी दी थी, वे कहां हैं? जिन पर जिम्मेदारी थी, वे कहां हैं? यह समय ऐसा है कि सबकुछ रिकॉर्ड में है। हम सब देख और समझ सकते हैं। इस समय दुनियाभर के सनातनी चिंतित हैं। भाजपा ने अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की मर्यादा को तोड़-मरोड़कर रख दिया। अपने स्वार्थ में न जाने क्या-क्या किया है।

मंदिर में काम करने वालों की CDR निकालिए, 99% भाजपाई निकलेंगे

पूर्व सीएम ने कहा, विपक्ष पर FIR हो रही है। विपक्ष की FIR नहीं लिखी जा रही। मंदिर परिसर में जो लोग काम करते थे। उन सबकी CDR निकाली जाए। 99% लोग भाजपाई निकलेंगे। उसके बाद भाजपा में भगदड़ मचेगी, जिसकी आप कल्पना नहीं कर सकते।। SIT लीपापोती कर रही है। सुनने में आया कि SIT पर भी सवाल खड़े हो गए। एक सदस्य पर 420 का मुकदमा है। यह लड़ाई बड़ी है। यह दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई है। आप नहीं समझ पा रहे हैं।

ध्यान भटकाने के लिए सपा विधायकों पर एक्शन हो रहा

सपा प्रमुख ने कहा- दिल्ली वाले ED, CBI और IT से जांच कराते हैं। आज आपने अखबार में पढ़ा होगा कि किसी की दीवार से नोटों के बंडल निकल रहे हैं। ध्यान भटकाने के लिए सपा के विधायकों पर कार्रवाई की जा रही है। जो कई वर्षों से जेल में रहा है, उसके यहां छापा मार दिया। भाजपा राजनीति में ऐसी परंपरा और संस्कृति न लाए कि कोई विपक्ष में चला जाए तो उस पर हमला करें।

उन्‍होंने कहा कि यह लोकतंत्र के लिए खतरा है। आज वे पक्ष में हैं। कल वे भी विपक्ष में होंगे। अपने आपको विपक्ष की जगह रखकर देखें। मुख्यमंत्रीजी की भाषा तो सुनी होगी आपने? जौनपुर की एक पीड़ित मां, बहन और परिवार के लोग उनसे मिलने गए तो उनकी भाषा कैसी थी? जब कैमरे पर उनकी यह भाषा है, तो कैमरे के पीछे क्या भाषा होती होगी।

सीएम इतनी बार अयोध्या गए, लेकिन चोरी नहीं पकड़ पाए

राम जन्मभूमि ट्रस्ट में CEO बनाए जाने के सवाल पर सपा प्रमुख ने कहा- सांचा नहीं, पूरा ढांचा बदलना चाहिए। बताइए, पेट्रोल में इथेनॉल मिला दिया। जितनी तेल कंपनियां हैं, उन्हें विज्ञापन जारी करना चाहिए। फिर आप 20 नहीं, 25 प्रतिशत इथेनॉल मिला दीजिए। आप 30 प्रतिशत क्यों नहीं मिला रहे हैं? जो कंपनियां मोटरसाइकिल और कार बना रही हैं, उनके पास इसके वैज्ञानिक कारण होंगे। आप उनके वैज्ञानिक कारणों को दरकिनार कर रहे हैं। यह भाजपा का नए तरह का भ्रष्टाचार है।

सीएम योगी 10 जुलाई को अयोध्या जा रहे हैं? इस सवाल पर अखिलेश ने कहा- अयोध्या जा रहे हैं तो अच्छी बात है। इतनी बार गए, तब भी चोरी नहीं पकड़ पाए। उनके जाने से क्या होगा? अभी सुना है, वहां जेबकतरे भी सक्रिय हैं।

Post Comment

You May Have Missed