लखनऊ में सघन पल्स पोलियो अभियान शुरू, विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बच्चों को पिलाई खुराक
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में रविवार को ‘सघन पल्स पोलियो अभियान’ का औपचारिक शुभारंभ किया गया। वीरांगना अवंतीबाई जिला महिला चिकित्सालय (डफरिन) से शुरू हुए इस अभियान का उद्घाटन लखनऊ उत्तरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. नीरज बोरा ने बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया। जनपद में इस बार शून्य से पांच वर्ष तक के 7.07 लाख बच्चों को पोलियो से सुरक्षित करने का बड़ा लक्ष्य रखा गया है।
अभियान की शुरुआत करते हुए विधायक डॉ. नीरज बोरा ने कहा, “पल्स पोलियो अभियान बच्चों के स्वस्थ, सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी जनस्वास्थ्य पहल है। पोलियो जैसी गंभीर और आजीवन दिव्यांग बनाने वाली बीमारी से बचाव का इकलौता और सबसे प्रभावी तरीका समय पर खुराक पिलाना ही है।”
अभिभावकों से की भावुक अपील
विधायक ने अभिभावकों से भावुक अपील करते हुए कहा कि चाहे बच्चे को पहले कितनी भी बार दवा दी जा चुकी हो, इस बार भी उसे बूथ पर लाकर दो बूंद अवश्य पिलवाएं। जनप्रतिनिधियों, आशा-आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और समाज के सभी वर्गों के सामूहिक प्रयास से ही देश को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सकता है।
सीएमओ की अपील- सुरक्षित, प्रभावी और पूरी तरह निःशुल्क है दवा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एन. बी. सिंह ने बताया कि अभियान के पहले दिन रविवार को जिले के 2,783 बूथों पर बच्चों को दवा पिलाई गई। सोमवार से स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर सर्वे करेंगी और छूटे हुए बच्चों को कवर करेंगी। उन्होंने साफ किया कि यह दवा पूरी तरह सुरक्षित और निःशुल्क है।
सीएमओ ने बताया कि ईंट-भट्टों पर काम करने वाले श्रमिकों, निर्माण स्थलों पर रहने वाले परिवारों और घुमंतू समुदायों के बच्चों तक विशेष रूप से पहुँच बनाई जा रही है ताकि कोई भी बच्चा छूटने न पाए। जो बच्चे इस दौरान भी छूट जाएंगे, उन्हें 6 जुलाई को मॉप-अप राउंड में दवा पिलाई जाएगी।
अभियान को सफल बनाने के लिए तैनात की गई बड़ी फौज
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अमिताभ श्रीवास्तव और जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि राजधानी के हर कोने को कवर करने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं:
मोबाइल टीमें: 131 (दूरदराज के इलाकों के लिए)
ट्रांजिट टीमें: 227 (रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, चौराहा और टेम्पो स्टैंड के लिए)
टीकाकर्मी (Vaccinators): 6,850 स्वास्थ्य कर्मी मैदान में
सुपरवाइजर: 593 और 15 डिवीजनल अधिकारी मॉनिटरिंग करेंगे।
वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सलमान द्वारा संचालित इस उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान डॉ. ए.के. सिंह (जेडी परिवार कल्याण), डॉ. संजय दोहरे (प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक), जिला कार्यक्रम प्रबंधक सतीश यादव, सहायक शोध अधिकारी रिचा मौर्या, रितांशी शुक्ला, मृदुला पाण्डेय, विजय बाजपेई सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधि और नर्सिंग के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



Post Comment