आगरा में स्‍वामी प्रसाद के खिलाफ प्रदर्शन, युवक को मुखौटा पहनाया और लात-घूसों से पीटा

आगरा में स्‍वामी प्रसाद के खिलाफ प्रदर्शन, युवक को मुखौटा पहनाया और लात-घूसों से पीटा

आगरा: पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य की भगवान श्रीराम और वीर हनुमान पर कथित विवादित टिप्पणी के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा ने प्रदर्शन किया। शनिवार को कार्यकर्ताओं ने स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाए एक व्यक्ति के हाथ-पैर रस्सी से बांधे। इसके बाद उसकी प्रतीकात्मक पिटाई की गई। कार्यकर्ता उसे मानसिक चिकित्सालय तक ले गए। वहां सांकेतिक इलाज के नाम पर ओपीडी का पर्चा भी कटवाया।

प्रदर्शन के दौरान हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर ने विवादित बयान दिया। उन्होंने स्वामी प्रसाद मौर्य की जीभ काटने और आंख फोड़ने वाले को 5 लाख रुपए इनाम देने की घोषणा कर दी। इसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

रस्सियों से बांधकर मानसिक चिकित्सालय तक ले गए

स्वामी प्रसाद मौर्य के खिलाफ हुए विरोध-प्रदर्शन का नेतृत्व अखिल भारत हिंदू महासभा की जिलाध्यक्ष मीरा राठौर और महिला मोर्चा महानगर अध्यक्ष निशा ठाकुर ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठन के मंडल अध्यक्ष नितेश भारद्वाज को स्वामी प्रसाद मौर्य का मुखौटा पहनाया। इसके बाद उनके हाथ-पैर रस्सियों से बांधे गए। उन्हें खींचते हुए मानसिक चिकित्सालय के गेट तक ले जाया गया। वहां कार्यकर्ताओं ने उन्हें सड़क पर लिटाकर जूते-चप्पलों से प्रतीकात्मक पिटाई की।

कार्यकर्ता ‘भगवान का अपमान नहीं सहेंगे’ जैसे नारे लगाते रहे। इसके बाद मानसिक आरोग्यशाला की ओपीडी में स्वामी प्रसाद मौर्य के नाम से सांकेतिक पर्चा कटवाया गया। कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक इलाज कराने की बात कही। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई।

जानिए क्या है पूरा विवाद?

दरअसल, अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा और आभूषण चोरी के मामले पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने प्रतिक्रिया दी थी। 23 जून को गाजीपुर में एक कार्यक्रम के दौरान स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा था- “अगर भगवान राम में ताकत होती तो जिस समय चोरी हुई, उसी समय चोर भस्म हो जाता। लेकिन चोर का बाल भी बांका नहीं हुआ। पृथ्वी पर पैदा होने वाला छोटा-सा बंदर सूर्य भगवान को निगल गया। यही अज्ञानता खत्म करने के लिए हम पढ़ाई करते हैं?”

स्वामी प्रसाद मौर्य ने भगवान बुद्ध के विचारों का जिक्र करते हुए कहा था कि किसी बात को सिर्फ इसलिए नहीं मानना चाहिए, क्योंकि वह किसी ग्रंथ में लिखी है। पहले उसे अपने दिमाग की कसौटी पर परखना चाहिए। उनके इस बयान का वीडियो बुधवार को सामने आया था। स्वामी ने कहा- ‘राम मंदिर से करोड़ों रुपए लुटेरे लूट ले गए। चांदी-सोना भी उड़ा ले गए। लेकिन, भगवान राम उन लुटेरों को सजा नहीं दे पाए, तो आपका भला क्या करेंगे? जो अपने मंदिर की रक्षा नहीं कर सकता, वह आपकी क्या रक्षा करेगा? यह सवाल उठता है।’

5 बार विधायक, 4 बार मंत्री रहे हैं स्वामी प्रसाद मौर्य

स्वामी प्रसाद मौर्य ने राष्ट्रीय शोषित समाज पार्टी के अध्यक्ष हैं। 5 बार विधायक रहे चुके हैं। 4 बार यूपी में मंत्री रहे हैं। वह योगी सरकार 1.0 में मंत्री थे। 2022 विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मंत्री पद से इस्तीफा देकर सपा में गए थे।

सपा ने विधानसभा चुनाव में उन्हें कुशीनगर की फाजिलनगर सीट से प्रत्याशी बनाया, लेकिन चुनाव हार गए। दो साल पहले उन्होंने सपा छोड़ दी थी। इससे पहले बसपा में भी अहम पदों पर रह चुके हैं। राजनीति के शुरुआती दिनों में लोकदल और जनता दल में भी स्वामी प्रसाद मौर्य रहे हैं।

Post Comment

You May Have Missed