अगले 48 घंटे में यूपी में आ जाएगा मानसून, आज 32 शहरों में बारिश का अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मानसून अगले 24 से 48 घंटों के भीतर एंट्री कर सकता है। मौसम विभाग (IMD) का कहना है कि प्रदेश में मानसून के लिए अनुकूल मौसमी सिस्टम तैयार हो गया है। मानसून एक-दो दिनों में यानी 28 जून तक बिहार बॉर्डर से गोरखपुर-महराजगंज के रास्ते प्रदेश में एंट्री कर सकता है। 29 जून तक लखनऊ पहुंच सकता है। 1-2 जुलाई तक पूरे यूपी में छा सकता है। आमतौर पर मानसून 20 जून तक आ जाता है। यानी इस बार 8 दिन लेट है।
मानसून 15-16 दिनों से महराजगंज के पास अटका हुआ है। इससे पहले, गर्मी अपने तेवर दिखाते रहेगी। शुक्रवार सुबह से पूरे यूपी में तेज धूप है। उमस से लोगों का हाल बेहाल है। बादलों की आवाजाही जारी है, लेकिन उससे गर्मी पर कुछ खास असर नहीं पड़ रहा। पारा 44°C के पार पहुंच गया है।
आज 32 शहरों में बारिश का अलर्ट
आज 32 शहरों में बारिश का अलर्ट है। पूर्वी और मध्य यूपी के 38 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इससे पहले, गुरुवार को गाजियाबाद और प्रयागराज में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। मेरठ में हल्की बूंदाबांदी हुई। बांदा सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 44.2℃ रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मानसून 15 दिनों से महराजगंज के पास रुका है। अब अगले दो दिन के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के यूपी में प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आज और कल तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तपिश और लू का असर रहेगा। इस दौरान प्रदेश के पूर्वी, तराई और कुछ अन्य इलाकों में तेज हवाएं चलने और मामूली बारिश होने की भी संभावना है।
बारिश का अलर्ट
बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, संत कबीर नगर, बस्ती, अयोध्या, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर, अमेठी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, बलिया, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, कौशांबी, फतेहपुर, रायबरेली, बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर।
हीटवेव का अलर्ट
लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, उन्नाव, कानपुर नगर, लखनऊ, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बस्ती, संत कबीर नगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सुल्तानपुर, अमेठी, रायबरेली, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, जौनपुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मिर्जापुर और सोनभद्र।



Post Comment