वेनेजुएला में भूकंप से अब तक 235 की मौत, 4300 से ज्यादा घायल; अभी भी मलबे में दबे हैं हजारों लोग

वेनेजुएला में भूकंप से अब तक 235 की मौतें, 4300 से ज्यादा घायल; अभी भी मलबे में दबे हैं हजारों लोग

वेनेजुएला: दक्षिण अमेरिकी देश वेनेजुएला में आए दो भूकंप में अब तक 235 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 4300 से ज्यादा लोग घायल हैं। वेनेजुएला में बुधवार (25 जून) को साल 1821 के काराबोबो युद्ध की याद में राष्ट्रीय अवकाश था, इसलिए ज्यादातर लोग घरों में थे और फीफा वर्ल्ड कप मैच देख रहे थे। इससे मलबे में दबने वालों की संख्या ज्यादा होने की आशंका है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, मलबे के अंदर से आवाजें आ रहीं हैं। सरकार ने देर रात बताया कि 39 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं। भूकंप की भयावहता की असल तस्वीर अभी आना बाकी है।

अमेरिकी जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक, भूकंप से 10 हजार से ज्यादा लोगों के मारे जाने की 44% आशंका है। वहीं, एक लाख लोगों के जान गंवाने की 30% आशंका है। इस आपदा से वेनेजुएला की अर्थव्यवस्था को 9.5 लाख करोड़ रुपए के नुकसान हो सकता है। कार्यवाहक राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिग्ज ने आपातकाल लगा दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रोड्रिग्ज से बात कर मदद की पेशकश की है।

अल सल्वाडोर की 188 सदस्यीय रेस्क्यू टीम वेनेजुएला पहुंची

वेनेजुएला में भूकंप के बाद राहत और बचाव अभियान में मदद के लिए अल सल्वाडोर की 188 सदस्यीय रेस्क्यू टीम पहुंच गई है। वेनेजुएला के संचार एवं सूचना मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।

इससे पहले अल सल्वाडोर के राष्ट्रपति नायिब बुकेले ने घोषणा की थी कि उनकी सरकार तीन विमानों के जरिए रेस्क्यूकर्मी, बचाव उपकरण और 50 टन राहत सामग्री वेनेजुएला भेज रही है। भूकंप के बाद अल सल्वाडोर उन कई लैटिन अमेरिकी देशों में शामिल है, जिन्होंने वेनेजुएला को मानवीय और राहत सहायता देने की पेशकश की है। प्रभावित इलाकों में अंतरराष्ट्रीय टीमें स्थानीय बचाव एजेंसियों के साथ मिलकर राहत अभियान चला रही हैं।

लोग घर लौटने में डर रहे

वेनेजुएला में भूकंप के बाद लोगों ने पार्कों-सड़कों पर रात गुजारी। विदेशी मीडिया को लोगों ने बताया कि उन्हें घर लौटने में डर लग रहा है। बेहद अनिश्चितता का माहौल है। इमारतों में कुछ भी हो सकता है। लोग इस बात को लेकर भी आशंकित हैं कि देश की अर्थव्यवस्था कैसे पटरी पर आएगी?

UN अतिरिक्त रेस्क्यू टीमें भेजेगा, 1.5 करोड़ डॉलर का फंड भी जारी

संयुक्त राष्ट्र ने वेनेजुएला में राहत और बचाव अभियान तेज करने का फैसला किया है। UN के मानवीय सहायता प्रमुख टॉम फ्लेचर ने कहा कि दुनिया के कई देशों से अतिरिक्त सर्च एंड रेस्क्यू टीमें भेजी जा रही हैं।

साथ ही आपातकालीन राहत कोष से 1.5 करोड़ डॉलर (15 मिलियन डॉलर) जारी किए गए हैं। टॉम फ्लेचर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि फिलहाल हर घंटा बेहद अहम है।

ला गुआइरा में 70 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित

वेनेजुएला के सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य ला गुआइरा में भूकंप से 70 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं। गृह मंत्री डियोसदादो काबेलो ने बताया कि राज्य में 100 से ज्यादा इमारतें ढह गई हैं।

काबेलो ने कहा कि राहत और बचाव अभियान तेज करने के लिए प्रभावित राज्य में तैनात कर्मियों की संख्या 4,200 से बढ़ाकर 11,500 की जा रही है। सरकार का कहना है कि मलबे में फंसे लोगों को निकालने, घायलों तक मदद पहुंचाने और प्रभावित परिवारों को राहत उपलब्ध कराने का काम लगातार जारी है।

अमेरिका ने वेनेजुएला में मदद भेजी

अमेरिका ने वेनेजुएला में शुरुआती मदद भेज दी है। ये सहायता अमेरिकी सदर्न कमांड ने भेजी है। अमेरिकी सदर्न कमांड दक्षिण अमेरिका और कैरिबियाई देशों की जिम्मेदारी संभालती है।

सदर्न कमांड ने बताया, ‘ट्रांसपोर्ट शिप USS फोर्ट लॉडरडेल और लड़ाकू जहाज USS बिलिंग्स के जरिए मदद भेजी गई है।’ साथ ही अमेरिका, वेनेजुएला में रेस्क्यू टीमें, मेडिकल और मानवीय सहायता भी पहुंचा रहा है।

वेनेजुएलाई शहर ला गुआइरा में करीब 250 बिल्डिंग्स गिरीं

वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के प्रेसिडेंट जॉर्ज रोड्रिग्ज ने बताया कि ला गुआइरा में 250 इमारतों को या तो नुकसान पहुंचा या वे खत्म हो गईं। बीबीसी ने बताया कि यहां एक 10 मंजिल की इमारत मलबे में तब्दील हो गई। वेनेजुएला भूकंप में घायलों की संख्या बढ़कर 4,300 हो गई है।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि सबसे ज्यादा प्रभावित उत्तरी तटीय राज्य ला गुआइरा में बड़ी संख्या में लोग घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावित इलाकों के अस्पताल मरीजों से भर चुके हैं। इसी वजह से सरकार ने फील्ड हॉस्पिटल शुरू किए हैं, ताकि घायलों का तुरंत इलाज किया जा सके। स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। बचाव दल मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं, जबकि अस्पतालों और फील्ड हॉस्पिटल में घायलों का इलाज चल रहा है।

Post Comment

You May Have Missed