अगर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता तो नहीं होता इतना बड़ा हादसा: Akhilesh Yadav
Akhilesh Yadav: राजधानी के अलीगंज इलाके में स्थित एक कमर्शियल कॉम्प्लेक्स में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई थी, जिसमें 15 लोगों की मौत हुई है। इमारत में पेट शॉप, लाइब्रेरी, गेमिंग जोन और एक कोचिंग सेंटर संचालित हो रहा था। घायलों को उपचार के लिए केजीएमयू में भर्ती कराया गया है। केजीएमयू में घायलों से मिलने पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बहुत दुखद है। अगर सुरक्षा नियमों का पालन हुआ होता तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। सुरक्षा नियमों के पालन ना होने से इतने लोगों की जान चली गई। इन परिवारों की मदद होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि अभी मैं एक नौजवान से मिलकर आया हूं। उसने कूदकर अपनी जान बचाई। उसके रीढ़ की हड्डी में चोट लगी है। वे नौकरी करता था। उसका बहुत दिनों तक इलाज चलेगा, उसकी मां नहीं है। उस परिवार में अकेला कमाने वाला था। अगर सरकार नहीं मदद करेगी तो कौन मदद करेगा? बकौल अखिलेश, हमारी मांग है कि जबतक वे स्वस्थ नहीं होता है और दोबारा नौकरी के लिए नहीं पहुंचता है तब तक उसे वेतन मिले और इलाज का इंतजाम सरकार करे। सरकार को मृतकों को परिवारों की कम से कम एक करोड़ रुपए की मदद करनी चाहिए।
सात दिनों में सीएम को रिपोर्ट देगी एसआईटी
मुख्यमंत्री की तरफ से गठित की गई एसआईटी ने सुबह ही घटनास्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निकासी से लेकर हर एक बिंदु पर जांच पड़ताल की। इस दौरान उनके साथ एडीसीपी उत्तरी और एसीपी अलीगंज मौजूद रहे। एसआईटी ने कहा जितने भी विभाग इस घटना से जुड़े हैं, उन सभी से रिपोर्ट मांगेंगे। साथ-साथ सात दिन का जो समय दिया गया है, उसमें कारवाई की जाएगी। सात दिन के समय में जो रिपोर्ट तैयार होगी, वह मुख्यमंत्री के आगे सौंपी भी जाएगी।



Post Comment