वाराणसी में सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे बाप-बेटी की मौत, हापुड़ में दो दरोगा समेत छह पुलिसकर्मी सस्पेंड
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 32,679 कॉन्स्टेबल भर्ती-2025 परीक्षा का मंगलवार (09 जून) को दूसरा दिन है। पहली पाली की परीक्षा के लिए कड़ी चेकिंग के बाद अभ्यर्थियों को एग्जाम हॉल में एंट्री गई। एडमिट कार्ड, बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया। हाथरस में महिला अभ्यर्थियों के जूड़े खुलवाकर चेकिंग की गई।
लखनऊ में ईयररिंग उतरवाई गईं। जौनपुर में क्लेचर, कंगन और चूड़ियां उतरवाई गईं। कानपुर में अभ्यर्थियों के मुंह खुलवाकर चेकिंग की गई। वाराणसी में बाइक से बेटी को परीक्षा दिलाने ले जा रहे पिता को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
सोमवार को 7.23 लाख अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा
इससे पहले, सोमवार को दो पालियों में 9.62 लाख अभ्यर्थियों को बुलाया गया था, लेकिन 7.23 लाख ही परीक्षा देने पहुंचे। करीब 2.39 लाख अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। हापुड़ में एक अभ्यर्थी के पास मोबाइल फोन मिला। मामले में लापरवाही मिलने पर दो दरोगा सहित छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
गोरखपुर में बिहार का रहने वाला अभ्यर्थी राम प्रकाश अंडरवियर में मोबाइल छिपाकर पहुंचा। एग्जाम हॉल में पेपर देने के दौरान ड्यूटी पर तैनात शिक्षक को उस पर शक हो गया। चेकिंग की गई तो उसके पास से मोबाइल मिला। आज उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पहली शिफ्ट में परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी। इसी तरह दूसरी शिफ्ट में दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक परीक्षा चलेगी। सभी 75 जिलों में 1,183 परीक्षा केंद्रों पर तीन दिनों (8, 9 और 10 जून) में 28 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
सिपाही भर्ती के बारे में
32,679 कॉन्स्टेबल और समकक्ष पदों के लिए 31 दिसंबर 2025 को नोटिफिकेशन जारी हुआ था। 30 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन हुए। 29 लाख 45 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। जांच के दौरान 60 हजार आवेदन निरस्त कर दिए गए। 28 लाख 85 हजार उम्मीदवारों के एडमिट कार्ड जारी हुए हैं।
लिखित परीक्षा 300 नंबर की होगी। 150 सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल 2 नंबर का होगा। इस बार नेगेटिव मार्किंग व्यवस्था खत्म कर दी गई है। लिखित परीक्षा में पास होने वाले कैंडिडेट्स ही फिजिकल टेस्ट में शामिल हो सकेंगे। पुरुषों को 4.8 किलोमीटर की दौड़ 25 मिनट में और महिलाओं को 2.4 किलोमीटर की दौड़ 14 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके बाद फाइनल रिजल्ट घोषित होगा।



Post Comment