पुलिस परीक्षा देने जा रहीं लड़कियों से दुष्‍कर्म का प्रयास, लखनऊ पुलिस ने एनकाउंटर में पकड़ा

पुलिस परीक्षा देने जा रहीं लड़कियों से दुष्‍कर्म का प्रयास, लखनऊ पुलिस ने एनकाउंटर में पकड़ा

लखनऊ: राजधनी में सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहीं दो महिला अभ्यर्थियों से ऑटो ड्राइवर ने दुष्‍कर्म का प्रयास किया। वह उन्हें चारबाग से आलमबाग बस स्टेशन न ले जाकर सुनसान जगह ले गया। छेड़छाड़ और मारपीट की, लेकिन दोनों लड़कियां आरोपी से भिड़ गईं। एक ने धक्का दिया और दूसरी ने दांत से उसकी उंगली काटकर शोर मचा दिया। इसी बीच एक राहगीर गुजर रहा था। उसे देखकर आरोपी भाग गया। राहगीर ने पुलिस बुलाई। पुलिस ने दोनों को ट्रेन से रायबरेली परीक्षा देने के लिए भेज दिया।

पुलिस की तीन टीमें आरोपी की तलाश में लग गईं, सीसीटीवी खंगाले गए। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान हरदोई के हसीब के रूप में की। पुलिस ने सोमवार देर रात घेराबंदी की तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे इलाज के लिए रानी लक्ष्मीबाई अस्पताल में भर्ती कराया है। दरअसल, लखीमपुर खीरी की रहने वाली दो सहेलियों का सोमवार को रायबरेली में सिपाही भर्ती का पेपर था। दोनों एक दिन पहले मड़ियांव में अपने रिश्तेदार के घर रुकी थीं।

अब सिलसिलेवार तरीके से पूरा मामला समझ

एफआईआर के अनुसार, सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे दोनों अभ्यर्थी मड़ियांव से चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंचीं। वहां से आलमबाग बस स्टेशन जाने के लिए ऑटो लिया, जहां से रायबरेली के लिए बस पकड़नी थी। चालक ने आगे रास्ता बंद होने की बात कहकर ऑटो को पारा थाना की तरफ मोड़ दिया। दोनों को रामलीला मैदान के पास सुनसान इलाके में ले गया, जबरदस्ती का प्रयास किया। विरोध करने पर उसने युवतियों के साथ मारपीट की, अभद्रता की और उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों लड़कियों ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाया।

आरोपी को धक्का दिया और उंगली काट ली। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक राहगीर को देखकर आरोपी ऑटो छोड़कर मौके से फरार हो गया। राहगीर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवतियों को चारबाग स्टेशन ले गई। इसके बाद दोनों को परीक्षा देने के लिए रायबरेली भेजा। परीक्षा देकर लौटने के बाद पीड़ितों की तहरीर पर आरोपी ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने बयान दर्ज करने के बाद दोनों युवतियों को उनके परिजनों को सौंप दिया।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर पहचान की

डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने चारबाग से पारा तक के मार्ग पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद आरोपी हसीब की पहचान हुई। पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात आरोपी के मुन्नू खेड़ा पुलिया के पास होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने घेराबंदी की तो आरोपी नहर पुलिया की तरफ भागा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी हसीब आदतन अपराधी है।

2024 में हरदोई में ऐसी ही घटना को अंजाम दिया था

इससे पहले आरोपी ने साल 2024 में भी उसने हरदोई के थाना संडीला क्षेत्र में इसी तरह की घटना को अंजाम दिया था। वहां उसने एक महिला को ऑटो में बैठाकर सुनसान जगह पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। इसके लिए वह जेल भी जा चुका है।

Previous post

यूपी में आपदा और दुर्घटनाओं से निपटने के लिए बनेगा स्पेशियलाइज़्ड रेस्क्यू ग्रुप

Next post

वाराणसी में सिपाही भर्ती परीक्षा देने जा रहे बाप-बेटी की मौत, हापुड़ में दो दरोगा समेत छह पुलिसकर्मी सस्पेंड

Post Comment

You May Have Missed