जयपुर में पटाखा फैक्ट्री में लगी आग, तीन लोगों की मौत की खबर
जयपुर: राजस्थान के जयपुर के खोह नागोरियान क्षेत्र में स्थित पटाखा फैक्ट्री में मंगलवार (09 जून) सुबह 11 बजे भीषण आग लग गई। अग्निकांड में तीन लोगों की मौत हो गई और पांच मजदूर झुलस गए। मृतकों की अभी पहचान नहीं हुई है। झुलसे आजीम खान, नासीर खान, समीर खान, बिलाल, अब्दुल वाहिद को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि पटाखा फैक्ट्री खोह नागोरियान में आयशा नगर तलाई क्षेत्र आईटीआई कॉलेज के पास है। कोई ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण आग लगी है।
स्थानीयों ने तीन-चार लोगों को बाहर निकाला
स्थानीय निवासी मोहम्मद जिया उल हक ने बताया कि फैक्ट्री से 150 मीटर की दूरी पर मेरा घर है। घर से आग की लपटें उठती दिख रही थी। पटाखे फटने की आवाज आ रही थी। आस-पड़ोस के लोग पहुंचे तो पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। पानी का टैंकर भी बुलाया। तीन-चार लोगों को बाहर निकाला। एक बच्चा तड़प रहा था। एक व्यक्ति ने झुलसते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रशासन के लोग आगजनी के करीब 40 मिनट बाद पहुंचे।
विधायक अमीन कागजी बोले- हादसे के लिए सरकार जिम्मेदार
विधायक अमीन कागजी ने इस अग्निकांड के लिए सरकार को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए कहा कि आबादी इलाके में इस तरीके से पटाखा फैक्ट्री चलाई जा रही थी, लेकिन जिम्मेदारों ने कार्रवाई नहीं की जिसका नतीजा रहा कि लोगों की जिंदगी चली गई।
एडीएम बोले- फैक्ट्री कौन चला रहा था, अभी जानकारी नहीं
एडीएम युगांतर शर्मा ने बताया कि आग लगने की सुबह 11 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद फायर बिग्रेड की गाड़ियां, एंबुलेंस, पुलिस और अधिकारी पहुंचे। एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। हादसे में तीन की मौत और पांच घायल हुए हैं। फैक्ट्री कौन चला रहा था, इसके बारे में अभी जानकारी नहीं है। आबादी इलाके में फैक्ट्री के सवाल पर कहा है कि नियमानुसार ये गलत है, इस पर कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर बोले- जांच की जा रही
जयपुर कलेक्टर संदेश नायक ने बताया कि हादसे में पांच लोग गंभीर झुलसे हैं, जिन्हें SMS हॉस्पिटल ले जाया गया है। डेथ को लेकर बाद में कंफर्म कर पाऊंगा। कोई ज्वलनशील होने के कारण आग लगी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच की जा रही है।



Post Comment