सहारनपुर में एक दिन पहले दलित-ठाकुरों के बीच हुआ था बवाल, आज सांसद चंद्रशेखर हाउस अरेस्ट

सहारनपुर में एक दिन पहले दलित-ठाकुरों के बीच हुआ था बवाल, आज सांसद चंद्रशेखर हाउस अरेस्ट

सहारनपुर: नगीना सांसद और भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर को सहारनपुर के छुटमलपुर में हाउस अरेस्ट किया गया है। उनके घर के अंदर-बाहर 100 से ज्‍यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रत्न आजाद, कमल वालिया सहित अन्य पदाधिकारियों को भी हाउस अरेस्ट किया गया है।

दरअसल, चंद्रशेखर ने रविवार को देवबंद क्षेत्र के लालवाला गांव जाने का ऐलान किया था। एक दिन पहले लालवाला गांव में 2 बीघा जमीन को लेकर अनुसूचित जाति और ठाकुरों के बीच पथराव हुआ था। मौके पर पहुंची पुलिस से लाठीचार्ज कर स्थिति को नियंत्रित किया। संघर्ष में 3 महिलाओं सहित 8 लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, स्थिति को देखते हुए गांव में भारी फोर्स तैनात कर दिया गया है।

सांसद चंद्रशेखर ने कही थी ये बात

सांसद चंद्रशेखर आजाद ने प्रशासनिक कार्रवाई पर सवाल उठाए। कहा कि दोनों पक्षों को सुना नहीं जा रहा है। सवाल उठाया कि क्या किसी मंत्री, विधायक या सत्ता पक्ष के दबाव में फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि अगर कोई सरकार पक्ष का व्यक्ति दोषी है तो उसे भी कानून से बचाया नहीं जाना चाहिए, क्योंकि कानून सबके लिए बराबर है। वह अपने समाज और पीड़ित परिवारों की लड़ाई लड़ना बंद नहीं करेंगे।

जानिए पूरा मामला

सहारनपुर जिला मुख्यालय से 45 किमी दूर लालवाला गांव में दो बीघा जमीन के लिए ठाकुरों और अनुसूचित जाति के लोगों में काफी लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। ठाकुर पक्ष का कहना है कि जमीन उन लोगों ने खरीदी है, जबकि दलितों का कहना है कि जमीन ठाकुरों की नहीं है।

शनिवार को मामला तब बिगड़ा, जब जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया गया। आरोप है कि ठाकुरों ने जमीन पर कब्जा करने की कोशिश की तो दलित समाज के लोगों ने इसका विरोध किया। दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी और देखते ही देखते मारपीट होने लगी। फिर पथराव शुरू हो गया।

पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

सूचना पर सीओ अभितेष सिंह और कोतवाली प्रभारी रोजंत त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात बिगड़ता देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। पुलिस ने लोगों को खदेड़ा। घायल हुए नीरज, सुलेंद्र कुमार, आकाश, योगेश, राजकुमार, सविता, कलावती और सिब्बो को अस्पताल पहुंचवाया।

उधर, तनाव को देखते हुए आसपास के थानों की फोर्स बुला ली गई। शनिवार से ही गांव में भारी फोर्स तैनात है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, स्थितियां नियंत्रण में है।

चंद्रशेखर के गांव जाने के ऐलान से हड़कंप

उधर, मामले की जानकारी होने के बाद सांसद चंद्रशेखर ने लालवाला गांव जाने का ऐलान कर दिया। रविवार को वह गांव जाने वाले थे लेकिन पुलिस को जैसे ही सूचना मिली। उनके घर भारी मात्रा में फोर्स तैनात कर उनको हाउस अरेस्ट कर दिया गया।

सुबह करीब 8 बजे पुलिस के अधिकारी 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के साथ पहुंचे। आजाद समाज पार्टी के नेताओं से बातचीत की और घर से बाहर नहीं जाने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, कानून-व्यवस्था के लिए नेताओं को गांव जाने से रोका जा रहा।

Post Comment

You May Have Missed