Lucknow: रूमी गेट के पास बनेगी पार्किंग, बसें व 450 वाहन हो सकेंगे खड़े
- – एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने हेरिटेज जोन का निरीक्षण करके अधिकारियों को दिये निर्देश
Lucknow: हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास ट्रैफिक जाम का झाम खत्म होगा। इसके लिए एलडीए रूमी गेट के पास पार्किंग बनाएगा, जिसमें बसों के साथ ही लगभग 450 वाहन खड़े हो सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बुधवार को हेरिटेज जोन का निरीक्षण करके अधिकारियों को इस बाबत निर्देश दिये। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि हुसैनाबाद में रूमी गेट के पास वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। जिससे इमामबाड़ा, घंटा घर, रूमी दरवाजा समेत हेरिटेज जोन में घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को भी दिक्कत होती है।
इसे ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का सर्वे कराया गया था। जिसमें रूमी गेट के बगल में पार्किंग के लिए लगभग 9,000 वर्गमीटर भूमि चिन्हित की गयी है। उन्होंने बताया कि यहां 15 बसें, 150 चार पहिया वाहन व लगभग 300 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग विकसित की जाएगी। इस पार्किंग को लगभग 03 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। पार्किंग में वाहनों के प्रवेश व निकासी के लिए रूमी गेट के बगल से 14 मीटर चौड़ा कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग से पैदल यात्रियों की निकासी के लिए मुसाफिर खाना गेट से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा।
इसके अतिरिक्त हुसैनाबाद स्थित फूड कोर्ट के पीछे निर्माणाधीन लाइब्रेरी के पास लगभग 700 वर्गमीटर क्षेत्रफल में पार्किंग विकसित की जाएगी। उन्होंने बताया कि हुसैनाबाद क्षेत्र में इन 02 स्थानों पर पार्किंग बनने से न सिर्फ क्षेत्र वासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को भी काफी सुविधा मिलेगी।



Post Comment