भारत-वियतनाम के बीच 13 समझौतों पर हस्ताक्षर, PM मोदी ने कहा- साझेदारी में विरासत और विकास अहम

भारत-वियतनाम के बीच 13 समझौतों पर हस्ताक्षर, PM मोदी ने कहा- साझेदारी में विरासत और विकास अहम

नई दिल्‍ली: वियतनाम के राष्ट्रपति तो लाम मंगलवार को भारत दौरे पर पहुंचे। आज यानी बुधवार को हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा, पिछले साल जब भारत से पवित्र बौद्ध अवशेष वियतनाम भेजे गए, तो डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोगों ने उनके दर्शन किए थे। हम चंपा संभ्यता की पांडुलिपियों को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखेंगे और इस अमूल्य विरासत को आने वाली पीड़ियों के लिए सुरक्षित रखेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, एक दशक पहले वियतनाम की मेरी यात्रा के दौरान वियतनाम आसियान में भारत का पहला ‘व्यापक रणनीतिक साझेदार’ बना था। तब से हमारे संबंधों और हर क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है। सभ्यताओं के साथ-साथ हमारे व्यापार, प्रौद्योगिकी और पर्यटन के संबंध भी मजबूत हुए हैं। इसी मजबूत नींव पर आगे बढ़ते हुए आज हम अपने संबंधों को ‘आधुनिक व्यापक रणनीतिक साझेदारी’ के स्तर तक ले जा रहे हैं। पिछले एक दशक में भारत और वियतनाम के बीच द्विपक्षीय व्यापार दोगुना होकर 16 अरब डॉलर तक पहुंच गया है।

साझेदारी में विरासत और विकास अहम

इसके अलावा, उन्होंने अपने भारत दौरे की शुरुआत बोधगया से की। यह हमारे दोनों देशों की साझा सभ्यतागत और आध्यात्मिक परंपराओं को दर्शाता है। उनके इस दौरे और हमारी सार्थक चर्चाओं के माध्यम से हम अपनी आपसी सद्भावना को ठोस नतीजों में बदल रहे हैं। भारत और वियतनाम के बीच साझेदारी में विरासत और विकास, दोनों ही अहम हैं।

पीएम मोदी ने कहा, मुझे भारत में राष्ट्रपति तो लाम का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल और कई व्यापारिक दिग्गजों के साथ उनका भारत दौरा स्पष्ट रूप से यह दर्शाता है कि वह भारत-वियतनाम संबंधों को कितनी प्राथमिकता देते हैं।

दोनों देशों के बीच 13 समझौतों पर हुए हस्ताक्षर

  • आईआरईएल (इंडिया) लिमिटेड और वियतनाम के इंस्टीट्यूट फॉर टेक्नोलॉजी ऑफ रेडियोएक्टिव एंड रेयर एलिमेंट्स (आईटीआरआरई) के बीच आपसी सहयोग पर समझौता।
  • भारत के संस्कृति मंत्रालय और वियतनाम के संस्कृति, खेल और पर्यटन मंत्रालय के बीच 2026-30 के लिए सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम।
  • भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) और वियतनाम के स्टेट बैंक (एसबीवी) के बीच भुगतान प्रणालियों और डिजिटल भुगतान में नवाचार के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • भारत के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएससीओ) और वियतनाम के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत औषधि प्रशासन (डीएवी) के बीच चिकित्सा उत्पाद विनियमन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • मुंबई के बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) और हो ची मिन्ह सिटी पीपल्स कमेटी के बीच मित्रता और सहयोग बढ़ाने पर समझौता।
  • आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ साइंस एंड एजुकेशन (दा नांग विश्वविद्यालय) के बीच ‘आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडिया स्टडीज’ की स्थापना पर समझौता।
  • राजगीर स्थित नालंदा विश्वविद्यालय और हनोई स्थित हो ची मिन्ह नेशनल एकेडमी ऑफ पॉलिटिक्स (एचसीएमए) के बीच समझौता।
  • एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) और वियतनाम के नेशनल पेमेंट कॉरपोरेशन (एनएपीएएस) के बीच समझौता
  • भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) कार्यालय और वियतनाम के राज्य लेखा परीक्षा कार्यालय के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की लेखा परीक्षा के क्षेत्र में समझौता।
  • भारत के पर्यटन मंत्रालय और वियतनाम के खेल, संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय के बीच पर्यटन के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • आईसीसीआर और यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच ‘आईसीसीआर चेयर ऑफ इंडियन स्टडीज’ की स्थापना पर समझौता।
  • भारत के इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और वियतनाम के विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय के बीच डिजिटल प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में सहयोग पर समझौता।
  • संस्कृति मंत्रालय के ‘ज्ञान भारतम’ और वियतनाम नेशनल यूनिवर्सिटी (हो ची मिन्ह सिटी) के तहत यूनिवर्सिटी ऑफ सोशल साइंसेज एंड ह्यूमैनिटीज के बीच ‘चाम पांडुलिपियों’ को डिजिटल रूप से सुरक्षित रखने पर समझौता।

हैदराबाद हाउस में हुई द्विपक्षीय बैठक

प्रधानमंत्री मोदी ने हैदराबाद हाउस में राष्ट्रपति लाम के साथ बैठक की। इससे पहले दिन में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में उनका औपचारिक स्वागत किया गया, जिससे उनके भारत के पहले राजकीय दौरे की शुरुआत हुई। वियतनाम के राष्ट्रपति का स्वागत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। यह दोनों देशों के बीच बढ़ती रणनीतिक साझेदारी को दिखाता है। स्वागत समारोह में बच्चों ने पारंपरिक पोशाक पहनकर भारत और वियतनाम के राष्ट्रीय ध्वज लहराए।

Post Comment

You May Have Missed