Weather Update: कश्मीर से दार्जिलिंग तक भीषण सर्दी, मैदानों में घना कोहरा

Weather Update: कश्मीर से दार्जिलिंग तक भीषण सर्दी, मैदानों में घना कोहरा

Weather Update: कश्मीर से लेकर पश्चिम बंगाल तक समूचा हिमालयी क्षेत्र भीषण ठंड की चपेट में है। कई जगहों पर पारा शून्य से सात डिग्री तक नीचे चला गया है। शीतलहर भी चल रही है। वहीं, मैदानी इलाकों में घने कोहरे से जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हुआ है। कई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। पश्चिमी हिमालयी राज्यों में आज से मौसम में बदलाव होने की संभावना है और ऊंचे पर्वतीय इलाकों में हल्का हिमपात भी हो सकता है। कश्मीर में तीन दिन की राहत के बाद ठंड का प्रकोप फिर लौट आया है।

मध्य कश्मीर का पर्यटक स्थल सोनमर्ग जम्मू और कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अभी दो दिन मौसम साफ रहेगा। उसके बाद 5 जनवरी तक कहीं-कहीं बादल छाएंगे, बूंदाबांदी या हल्की बारिश भी हो सकती है। अलग-अलग ऊंची जगहों पर हल्की बर्फबारी होने की भी संभावना है।

चोटियों पर बारिश और बर्फबारी

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 27 दिसंबर से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसके असर से 28 दिसंबर के बाद राज्य के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं, 30 और 31 दिसंबर को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बर्फबारी और बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। हालांकि, प्रदेश में इस बार भी व्हाइट क्रिसमस नहीं हो पाया। शिमला, मनाली सहित अन्य पर्यटन स्थलों पर बर्फबारी न होने से पर्यटकों को निराशा हाथ लगी है। क्रिसमस के दौरान मौसम शुष्क रहने के कारण होटल और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी उम्मीद के मुताबिक लाभ नहीं मिल सका।

हिमाचल में कई जगह घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिलासपुर में घने से बहुत घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। छह जिलों ऊना, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा, सोलन और सिरमौर में कोहरे का यलो अलर्ट जारी हुआ है। कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रहने के मद्देनजर वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। उच्च और मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, जबकि निचले पहाड़ी और मैदानी इलाकों में भी तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव ही देखा गया।

Post Comment

You May Have Missed