बीएमसी के 227 वार्डों के लिए मतदान जारी, नागपुर में हुई झड़प में भाजपा नेता चोटिल

बीएमसी के 227 वार्डों के लिए मतदान जारी, नागपुर में हुई झड़प में भाजपा नेता चोटिल

मुंबई: महाराष्ट्र में गुरुवार को बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कारपोरेशन (BMC) सहित 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है। बीएमसी के 227 वार्डों के लिए वोट डाले जा रहे हैं। बीएमसी चुनाव में सुबह 9.30 बजे तक 7.12 प्रतिशत हुआ मतदान हुआ है। कल यानी शुक्रवार को मतगणना होगी और शाम तक नतीजे आने की संभावना है। चुनाव के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और मुंबई में ही 28 हजार के करीब सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र नगर निकाय चुनाव 2026 के लिए अपना वोट डाला। मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा, ‘चुनाव में मतदान करना हमारा मौलिक अधिकार है…यह अधिकार जो लोकतंत्र में मिला है, उसका पालन करना हर नागिरक का कर्तव्य है। मैं सभी से अपील करूंगा कि अपने अधिकार का उपयोग करें।’

प्रियंका चतुर्वेदी ने लोगों से भारी संख्या में वोट देने की अपील

शिवसेना यूबीटी नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा, ‘जहां मैं हर बार मतदान करती हूं वहां पहुंचने पर पता चला कि मेरा नाम लिस्ट में नहीं है। मुझे दूसरी जगह भेजा गया जहां मैंने वोट किया। मैं सभी मुंबईकरों से कहूंगी की भारी संख्या में मतदान करें और जाने से पहले जांच लें कि कौन सा बूथ है। समय की मांग है कि ऐसी पार्टी को वोट करें जिस पर इतने वर्षों का भरोसा रहा है।’

मनसे प्रमुख वोट डालने पहुंचे

MNS प्रमुख राज ठाकरे अपने परिवार के साथ BMC चुनावों में वोट डालने के लिए मुंबई के एक मतदान केंद्र पहुंचे।

नागपुर में झड़प

नागपुर में बीती रात दो गुटों में झड़प हो गई। इसमें भाजपा उम्मीदवार चोटिल हो गए हैं। घटना बुधवार मध्य रात्रि की है, जब नागपुर के वार्ड 11 से भाजपा उम्मीदवार भूषण शिंगने गोरेवाड़ा इलाके में गए थे, तभी कुछ असामाजिक तत्वों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, जब शिंगने मौके पर पहुंचे तो कथित तौर पर असामाजिक तत्वों के समूह ने भाजपा नेता पर हमला कर दिया। इस हमले में भाजपा नेता चोटिल हो गए।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल, पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

शिवसेना यूबीटी नेता की गड़बड़ी की शिकायत

शिवसेना यूबीटी नेता आनंद दुबे ने बीएमसी चुनाव के लिए मतदान करने के बाद मीडिया से बात करते हुए कहा, ‘हम चाहते हैं कि सभी लोग मतदान करें। मुझे थोड़ी परेशानी हुई, लेकिन मुझे दूसरे बूथ पर मतदान करने का मौका मिल गया। चुनाव आयोग की वेबसाइट ठीक से काम नहीं कर रही, उम्मीदवार, जिनके लिए मतदान हो रहा है, वे डिजिटल स्क्रीन पर नहीं दिख रहे हैं, ये दिखने चाहिए थे। पूरे शहर भर से लोग शिकायत कर रहे हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए था। लोगों को विकास पर वोट करना चाहिए।’

नाना पाटेकर ने किया बीएमसी के लिए मतदान

फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर ने बीएमसी चुनाव के लिए मतदान किया। मतदान के बाद मीडिया से बात करते हुए नाना पाटेकर ने कहा, ‘मैं पुणे से 3-4 घंटे की यात्रा करके यहां वोट देने आया हूं क्योंकि मैं इस वोट की अहमियत समझता हूं। अब मैं तुरंत वापस जा रहा हूं। सभी लोग वोट जरूर करें।’

ट्विंकल खन्ना ने भी किया मतदान

फिल्म अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि मैं बड़ी उम्मीद से मतदान कर रही हूं।

Previous post

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में चढ़ाई खिचड़ी, बोले- मकर संक्रांति भारत की प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का पर्व

Next post

BMC चुनाव में बॉलीवुड सेलेब्‍स ने डाला वोट, अक्षय कुमार से लेकर सलीम-गुलजार तक ने दिया मत

Post Comment

You May Have Missed