रिटायर्ड ARTO को विजिलेंस ने किया गिरफ्तार, घर में मिली थी 13kg सोना और 9kg चांदी

रिटायर्ड ARTO को विजिलेंस ने किया गिरफ्तार, घर में मिली थी 13kg सोना और 9kg चांदी

लखनऊ: आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आगरा से रिटायर्ड सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (ARTO) ललित कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच के दौरान लखनऊ स्थित उनके आवास से 13 किलो सोना, नौ किलो चांदी, 1.62 करोड़ कैश सहित कई निवेश संबंधी दस्तावेज मिले थे। पूछताछ में आय के स्रोत से जुड़े संतोषजनक दस्तावेज न देने पर गिरफ्तारी की गई।

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, आरोपी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। 07 और 08 जुलाई को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके आवास पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान घर से भारी मात्रा में नकदी, सोने-चांदी के बिस्किट, हीरे एवं अन्य कीमती आभूषण बरामद किए गए।

15 संपत्तियों, दो कार और निवेश के दस्तावेज मिले

जांच एजेंसी को तलाशी के दौरान 15 संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज, दो कार, एक रिवॉल्वर तथा बैंक, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में निवेश के रिकॉर्ड भी मिले। अधिकारियों के मुताबिक आरोपी द्वारा चल और अचल संपत्तियों में बड़े पैमाने पर निवेश किए जाने के साक्ष्य भी मिले हैं।

सतर्कता अधिष्ठान ने सोमवार को आरोपी अधिकारी से पूछताछ कर बरामद नकदी, आभूषण और अन्य संपत्तियों के संबंध में आय के स्रोत से जुड़े दस्तावेज मांगे। एजेंसी का दावा है कि आरोपी कोई संतोषजनक उत्तर या दस्तावेज उपलब्ध नहीं करा सके। साथ ही विवेचना में सहयोग नहीं करने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

2024 में दर्ज हुआ था मुकदमा

सतर्कता अधिष्ठान के मुताबिक जांच में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप सही पाए जाने पर वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की विवेचना सतर्कता अधिष्ठान, लखनऊ सेक्टर द्वारा की जा रही है।

Post Comment

You May Have Missed