Varanasi: मथुरा हादसे के बाद गंगा घाट पर बढ़ी सतर्कता, नियमों की अनदेखी पर 12 नाव सीज

Varanasi: मथुरा हादसे के बाद गंगा घाट पर बढ़ी सतर्कता, नियमों की अनदेखी पर 12 नाव सीज

Varanasi: मथुरा में यमुना नदी में हादसे के बाद वाराणसी में प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है, मथुरा हादसे के बाद वाराणसी के गंगा घाट और गंगा नदी में सतर्कता को बढ़ा दिया गया है. वाराणसी के गंगा घाट पर जल पुलिस, वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट की तरफ से चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान लाइव जैकेट ना पहनने और नियमों की अनदेखी करने की वजह से 12 नाव को सीज कर दिया गया और 09 पर मुकदमा पंजीकृत किया गया है.

मीडिया से बातचीत भेलूपुर एसीपी गौरव सिंह ने बताया कि, गंगा घाट पर निरंतर चेकिंग अभियान चलाया गया. प्रशासन के लिए पर्यटको की सुरक्षा सबसे अहम विषय है. इसी को ध्यान में रखते हुए गंगा नदी में चल रहीं नाव पर भी हमारी निगरानी रही. अनेक ऐसे नाव रहे जिन पर लोगों ने लाइव जैकेट नहीं पहना था, जो अत्यंत गंभीर विषय है. इसी को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग घाट पर ऐसी लापरवाही करने वाले कुल 12 नाव को सीज कर दिया गया और 09 लोगों पर मुकदमा भी पंजीकृत किया गया है.

सादी वर्दी में भी की जाएगी अब निगरानी

नौका संचालन में लापरवाही को लेकर दशास्वमेध घाट पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया और आने वाले समय में सतर्कता को और बढ़ा दिया जाएगा. एसीपी डॉ. अतुल अंजान त्रिपाठी ने कहा कि – जल पुलिस, वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट के साथ-साथ सादी वर्दी में भी अब नौका विहार, नौका संचालन करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि आम लोगों से भी हमारी अपील है कि अपनी सुरक्षा के दृष्टिगत लाइव जैकेट आवश्यक रूप से पहने. इसके अलावा बिना सोचे समझे गंगा घाट के उस क्षेत्र में ना जाएं जहां पर नदी में गहराई ज्यादा है. इसके लिए वाराणसी के गंगा नदी में बोर्ड भी लगाया गया है.

Post Comment

You May Have Missed