US-Iran Tension: अमेरिका ने किया अटैक तो भड़का ईरान, जवाबी कार्रवाई की दी चेतावनी

US-Iran Tension: अमेरिका ने किया अटैक तो भड़का ईरान, जवाबी कार्रवाई की दी चेतावनी

US-Iran Tension: स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज में कमर्शियल जहाजों पर हमलों के बाद अमेरिका ने ईरान के पांच राज्यों पर एकसाथ हमले किए. इन हमलों पर अब ईरान की ओर से प्रतिक्रिया सामने आई है. ईरानी विदेश मंत्रालय ने इन हमलों की निंदा करते हुए इन्हें संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन बताया है. इसके साथ ही ईरान के खिलाफ हमलों में अमेरिका का साथ देने वाले किसी भी देश को जवाबी कार्रवाई की भी चेतावनी दी. ईरान के विदेश मंत्रालय ने वाशिंगटन पर क्षेत्रीय स्थिरता को कमजोर करने, अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करने और युद्धविराम समझौते का उल्लंघन करने का आरोप लगाया. तेहरान ने संयुक्त राष्ट्र से भी इन हमलों के लिए अमेरिका को जवाबदेह ठहराने की अपील की.

ईरान की खाड़ी देशों को चेतावनी

ईरान ने चेतावनी दी है कि कोई भी देश जो अपने क्षेत्र या सुविधाओं को तेहरान के खिलाफ सैन्य अभियानों के लिए इस्तेमाल करने की अनुमति देता है, उसे रक्षात्मक कार्रवाई के लिए एक वैध लक्ष्य माना जा सकता है. तेहरान ने ओमान के मस्कट में हुई हालिया चर्चाओं के परिणामों के बारे में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयानों को भी खारिज करते हुए उन्हें ‘पूरी तरह झूठ’ बताया. ईरानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि वार्ता में होर्मुज स्ट्रेट के मैनेजमेंट और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं पर ध्यान केंद्रित किया गया.

ईरान ने UN महासचिव के बयान पर जताई आपत्ति

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने संयुक्त राष्ट्र (UN) महासचिव के उस बयान पर भी आपत्ति जताई है, जिसमें उन्होंने ईरान की कार्रवाई को ‘सैन्य टकराव’ कहा था. तेहरान का कहना है कि ये सही नहीं है. बकाई के मुताबिक, अमेरिका और इज़राइल के हमलों के बाद ईरान ने अपने आत्मरक्षा के वैध अधिकार का इस्तेमाल किया है. उन्होंने सभी देशों से अपील की कि वे अपनी जमीन का इस्तेमाल अमेरिका को ईरान पर हमले के लिए न करने दें. साथ ही उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘पर्शियन गल्फ’ (Persian Gulf) नाम का ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए.

अमेरिका ने ईरान के 5 राज्यों पर किए अटैक

अमेरिकी सेना ने रविवार को ईरान के पांच प्रांतों में हमले किए हैं, जिनमें होर्मुगोजन, मरकाजी, अहवाज, बुशहर, खुजेस्तान और बलूचिस्तान-सिस्तान शामिल हैं. खुजेस्तान में एक शख्स की मौत हुई है और पांच लोग घायल हैं. सेंटकॉम ने बताया कि अमेरिकी सेना ने ईरान पर नए हमले शुरू किए हैं. इन्हें होर्मुज स्ट्रेट में कमर्शियल जहाजों को खतरा पहुंचाने की तेहरान की क्षमता को कम करने के प्रयास के रूप में बताया है. यूएस आर्मी ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरानी सेना को ‘जवाबदेह’ ठहराने और होर्मुज से सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस कार्रवाई का आदेश दिया था.

Post Comment

You May Have Missed