बरेली में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के शो में हंगामा, छात्रों ने बैरिकेडिंग तोड़ी; पुलिस ने खदेड़ा
बरेली: पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के शो के दौरान रविवार रात फ्यूचर यूनिवर्सिटी में हंगामा हो गया। सिंगर को नजदीक से देखने और सेल्फी लेने के लिए छात्र मंच के पास पहुंचने लगे। सिंगर के सुरक्षाकर्मियों ने रोकने की कोशिश की तो छात्र भड़क गए। छात्रों ने सुरक्षाकर्मियों से धक्का-मुक्की शुरू कर दी, हूटिंग करने लगे और बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। हालात बिगड़ते देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने डंडा दिखाकर छात्रों को डराया। धक्का देकर बैरिकेडिंग से दूर किया। फिर हल्का बल प्रयोग करके उन्हें शांत कराया।
सिंगर ने भी मंच से छात्रों को समझाया। करीब आधे घंटे बाद हालात काबू में आए। सुनंदा ने अपना शो आगे बढ़ाया। इससे पहले, 03 अप्रैल को गाजियाबाद में सुनंदा शर्मा के शो में हंगामा हुआ था। परफॉर्मेंस के दौरान अचानक एक फैन स्टेज पर चढ़ गया था। इससे सुनंदा घबरा गईं और शो को बीच में ही रोक दिया। बाद में छात्र ने सुनंदा से माफी मांग ली थी।

यूनिवर्सिटी में फ्यूचर फेस्ट, बांटे गए थे फ्री पास
फ्यूचर यूनिवर्सिटी के ओपन ग्राउंड में रविवार रात 9 बजे फ्यूचर फेस्ट आयोजित किया गया था। इसके लिए स्टूडेंट्स को फ्री पास बांटे गए। 10 हजार से ज्यादा छात्रों से ग्राउंड खचाखच भरा हुआ था। जैसे ही सुनंदा स्टेज पर पहुंचीं, स्टूडेंट्स सुनंदा-सुनंदा पुकारने लगे। सुनंदा ने ‘मेरी मम्मी नू पसंद नइयो तू….’, जानी तेरा न…’, ‘चंडीगढ़ का छोरा….’ गाना गाया। फैंस खुशी से झूमने लगे। मोबाइल से वीडियो बनाने लगे।

बैरिकेडिंग तोड़कर सुनंदा को देखने की मची होड़
इस बीच, सिंगर की परफॉर्मेंस के दौरान कुछ स्टूडेंट्स स्टेज के पास पहुंचने की कोशिश करने लगे। वे सेल्फी लेना चाहते थे। इससे वहां पर अफरा-तफरी मच गई। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें मना किया तो वे उनसे भिड़ गए। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभाला।

भीड़ के बेकाबू होने पर यूनिवर्सिटी प्रशासन ने तुरंत फरीदपुर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में ही और फोर्स मौके पर पहुंची। हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को शांत कराया। हालांकि, इस बीच सुनंदा का शो जारी रहा। रात 12 बजे प्रोग्राम खत्म हुआ।

पुलिस बोली– भीड़ अधिक होने से बैरिकेडिंग टूटी
सीओ संदीप कुमार ने बताया कि फ्यूचर यूनिवर्सिटी में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा का लाइव शो था। उनकी सुरक्षा के लिए थाने की पुलिस तैनात की गई थी। वहां बैरिकेडिंग भी लगाई गई थी, ताकि फैंस स्टेज पर न पहुंच पाए। लेकिन, फैंस की भीड़ ज्यादा हो गई थी। अचानक से बैरिकेडिंग पर धक्का लगा और बैरिकेड गिर गया। पुलिस ने तुंरत स्थिति को संभाला और फैंस को पीछे किया। बाद में शो शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ।

03 अप्रैल को गाजियाबाद में भी हुआ था हंगामा
इससे पहले, गाजियाबाद के राजकुमार गोयल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (RKGIT) में 03 अप्रैल को पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा को छूने के लिए दौड़े स्टूडेंट ने रविवार को कान पकड़कर माफी मांगी थी। उसने कहा- मेरा नाम शिवांग पांडे है। मैं सुनंदा का फैन हूं। जब वह स्टेज पर गा रही थीं तो मैं अचानक से चला गया और पैर छूने चाहे। मैं माफी मांगता हूं। आप मुझे माफ कर देंगी तो मुझे कॉलेज का मैनेजमेंट भी माफ कर देगा। सॉरी मैम…।
इस बीच सिंगर सुनंदा शर्मा ने भी इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर किया। कहा- स्टेज पर एक स्टूडेंट के अचानक आने और उसके मेरे पैरों में गिरने से जो हुआ, उसके लिए मैं स्टूडेंट्स को माफ करती हूं। कॉलेज प्रशासन ने स्टूडेंट पर सख्त कार्रवाई की है। इसे रोक देना चाहिए। प्यार जताने का सबका अपना तरीका होता है। स्टूडेंट ने जो किया, उससे मैं डर गई थी, क्योंकि आजकल सिंगर के साथ कई तरह की घटनाएं हो रही हैं।



Post Comment