UP: नौतपा में बदला रहेगा मौसम, 16 जिलों में आंधी-बारिश और 34 में हीटवेव का अलर्ट
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में मौसम के दो रंग नजर आ रहे हैं। पूर्वांचल में आंधी-बारिश के असर से बुधवार सुबह गर्मी थोड़ी कम है। वहीं, बुंदेलखंड में बांदा 47.4°C के साथ देश में सबसे गर्म शहर रहा। पश्चिमी यूपी में भी गर्मी से लोगों के हाल बेहाल हैं।
मौसम विभाग ने बुधवार को 16 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया है। जबकि, 34 जिलों में हीटवेव (लू) की भी चेतावनी जारी की है। इनमें से 6 शहरों-आगरा, जालौन, झांसी, बांदा, हमीरपुर और महोबा के लिए रेड अलर्ट है। यानी यहां बहुत गर्म हवाएं चलेंगी।
28 मई से बारिश की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में नौतपा में मौसम बदला रहेगा। गर्मी और लू से राहत मिलने के संकेत हैं। क्योंकि, कल यानी 28 मई से नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है। इसमें आंधी-तूफान, गरज-चमक और बारिश की संभावना है। कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है। तापमान में 6-8°C तक की गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के दक्षिणी हिस्सों में राजस्थान की तरफ से गर्म पछुआ हवाएं आ रही हैं। इससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है। गर्म हवाएं पहले से तप रहे यूपी को और तपा रही हैं। बंगाल की खाड़ी से होकर आ रही पुरवा का असर भी न के बराबर है। इस वजह से हवा में नमी कम है। ऐसे में दिन चढ़ने के साथ गर्मी बढ़ जाती है।
आंधी-तूफान और बारिश की बन रहीं परिस्थितियां
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यूपी में पिछले कुछ दिनों से तापमान बहुत ज्यादा है। गर्मी के कारण जमीन और ऊपरी हवा के तापमान में बड़ा अंतर बन गया है। पूर्वी यूपी से लेकर छत्तीसगढ़ तक ट्रफ लाइन (कम दबाव का क्षेत्र बनाने वाली काल्पनिक रेखा) भी सक्रिय है। इससे आंधी-तूफान और बारिश के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 28 मई को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। दक्षिण बिहार और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचाई पर चक्रवाती हवा की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में प्रदेश में अगले एक हफ्ते तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। हवा की रफ्तार 50-60 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है।
5 जिलों में हीटवेव का रेड अलर्ट
आगरा, जालौन, झांसी, महोबा, हमीरपुर, बांदा।
3 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा।
26 जिलों में येलो अलर्ट
शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, बिजनौर, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, कासगंज, एटा, फर्रुखाबाद, मैनपुरी, इटावा, कन्नौज, औरैया, कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर, कौशांबी, चित्रकूट, प्रयागराज।
16 जिलों में हल्की बारिश की संभावना
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया के आसपास ।
अगले 5 दिन कैसा रहेगा मौसम?
- 28 मई: पूर्वी यूपी के कुछ इलाकों में बारिश होगी। पश्चिमी यूपी में भी कहीं-कहीं बौछारें पड़ सकती हैं।
- 29 मई: पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। पूर्वी यूपी में ज्यादातर इलाकों में अच्छी बारिश होगी।
- 30 मई: प्रदेश के ज्यादातर जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। आंधी-तूफान के साथ बिजली भी गिर सकती है।
- 31 मई: पूर्वी और पश्चिमी यूपी में हल्की बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। लू और उमस से राहत मिलेगी।
- 1 जून: पश्चिमी यूपी में हल्की और पूर्वी यूपी में अच्छी बारिश के आसार है। पारे में गिरावट जारी रहेगी।



Post Comment