UP Weather: प्रदेश में ठहरा मानसून, तीन दिनों तक पड़ सकती है असहनीय गर्मी
UP Weather: प्रदेश में मानसून अचानक ठिठक गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी तीन दिन तक प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता में कमी के आसार हैं। केवल मध्य प्रदेश से सटे जिलों में बारिश की संभावना जताई जा रही है। बाकी जगह बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश में 30 जून को मानसून की आमद हो चुकी है। इसके बाद तेज़ी से आगे बढ़ते हुए दो जुलाई को पूरे प्रदेश में इसका असर दिखा। इसके बाद उत्तरी उड़ीसा तट के पास उत्तरी पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दाब क्षेत्र के प्रभाव से मौसमी द्रोणी अपनी वर्तमान स्थिति से दक्षिण की ओर खिसक गया है।
इसके चलते प्रदेश में अन्य कोई सक्रिय मौसम तंत्र नहीं है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि सोमवार तक प्रदेश में मानसूनी सक्रियता में कमी महसूस की जाएगी। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश के दक्षिणी भाग और इससे लगे जिलों में हो रही वर्षा के अतिरिक्त प्रदेश के अन्य भागों में मानसूनी गतिविधियां सीमित रहेंगी। तापमान में आंशिक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मंगलवार से प्रादेशिक मानसूनी सक्रियता में बढ़ोत्तरी के परिणामस्वरूप बारिश में एक बार फिर से बढ़ोतरी के आसार जताए जा रहे हैं।



Post Comment