UP Weather: फिर लौटी ठंड, कोहरे से ढका आधा प्रदेश; हल्की बूंदाबांदी जारी

UP Weather: फिर लौटी ठंड, कोहरे से ढका आधा प्रदेश; हल्की बूंदाबांदी जारी

UP Weather: यूपी में बारिश और ओले गिरने के बाद ठंड फिर लौट आई है। शनिवार सुबह से लखनऊ, कानपुर, आगरा, बरेली, गाजियाबाद समेत कई जिलों में घना कोहरा छाया है। कई जिलों में विजिबिलिटी 10 मीटर तक है। बर्फीली हवाओं से तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सुबह-शाम गलन बढ़ गई है। सड़कों पर सन्नाटा है। गाड़ियों से निकले लोगों के हाथ सुन्न हो जा रहे हैं। लोग गर्म कपड़े पहनकर और अलाव सेंककर ठंड से बचते नजर आ रहे हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 31 जनवरी तक कोहरे में बढ़ोतरी होगी और कुछ क्षेत्रों में घना कोहरा छा सकता है।

फरवरी के पहले सप्ताह में नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से एक से तीन फरवरी के बीच पश्चिमी और पूर्वी दोनों संभागों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है और कोहरे से राहत मिलेगी। चार फरवरी से तापमान में फिर हल्की गिरावट आने के आसार हैं।

यहां है घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरेया, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं।

जारी है पारे में उतारचढ़ाव

कभी विक्षोभ तो कभी हवा का रुख बदलने से लखनऊ में दिन व रात के तापमान में उतार चढ़ाव जारी है। एक फरवरी को एक नया विक्षोभ सक्रिय हो रहा है इसके असर से तापमान में दोबारा बदलाव दिखेगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, कोहरे में बढ़ोतरी होगी और रात के पारे में थोड़ी और गिरावट आ सकती है। एक फरवरी से प्रदेश में एक नया विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके असर से दो फरवरी को लखनऊ में बूंदाबांदी के आसार हैं।

Post Comment

You May Have Missed