UP TET 2026 परीक्षा आज से, पुलिस का सख्‍त पहरा; खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर

UP TET 2026 परीक्षा आज से, पुलिस का सख्‍त पहरा; खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UP-TET) 2026 का गुरुवार (02 जुलाई) को पहला दिन है। पहली शिफ्ट में की परीक्षा सुबह 9:30 बजे शुरू हुई। यह दोपहर 12 बजे तक चलेगी। सेंटर्स में एंट्री से पहले अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड की जांच की गई। बायोमेट्रिक मिलान और रेटिना स्कैन किया गया।

गोरखपुर में महिला अभ्यर्थियों की चूड़ी, पायल, हेयरपिन, सोने की चेन उतरवा दी गई। इसके बाद उन्हें एंट्री दी गई। पुरुष अभ्यर्थियों के गमछे, टोपी और बेल्ट बाहर रखवा लिए गए। शर्ट के फोल्ड हैंड को खुलवाकर ही अंदर जाने दिया गया। हाथरस में लड़कियों के बाल के जूड़े खुलवा दिए गए। प्रयागराज में जूते-मोजे उतरवाकर चेकिंग हुई। देवरिया में 330 पुलिसकर्मी भी परीक्षा देंगे।

चार जुलाई तक चलेगी परीक्षा

दूसरी शिफ्ट में दोपहर 2:30 बजे से शाम 5 बजे तक होगी। परीक्षा 3 दिन यानी 04 जुलाई तक चलेगी। प्रदेश के 60 जिलों में 955 सेंटर्स बनाए गए हैं। कुल 19.94 लाख अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। इनमें 17,67,180 परीक्षार्थी यूपी के मूल निवासी हैं। 2,27,481 अभ्यर्थी दूसरे राज्यों से एग्जाम देने पहुचेंगे। 1,85,791 सेवारत शिक्षक भी इसमें शामिल हैं।

आयोग ने परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। खुफिया एजेंसियां अलर्ट पर हैं। प्रश्नपत्र के बॉक्स कलर-कोडेड किए गए हैं। उनमें वन-टाइम डिजिटल लॉक लगाए गए हैं। इन्हें परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले ही खोला जाएगा, जिससे पेपर लीक की आशंका न रहे।

सभी खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि नकल या पेपर लीक की किसी भी कोशिश पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रदेश की सभी खुफिया एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है।

सभी परीक्षा केंद्रों पर लगे सीसीटीवी की लाइव फीड को लखनऊ स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। इसके अतिरिक्त, जिला स्तर पर भी कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों के सीसीटीवी की जांच की गई और जो बंद पाए गए, उन्हें तत्काल सक्रिय कराया गया। किसी भी ‘सॉल्वर’ को केंद्र में प्रवेश से रोकने के लिए प्रवेश द्वार पर बायोमेट्रिक और आइरिस स्कैनिंग अनिवार्य की गई है।

क्यों इस बार UPTET दे रहे हैं पुराने शिक्षक?

प्रदेश में करीब 1.86 लाख सेवारत शिक्षक टीईटी पास नहीं है। इसमें कई शिक्षक अगले पांच से छह साल में रिटायर भी होने वाले हैं। 25 से 30 साल से पढ़ा रहे शिक्षक भी शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने अभी हाल ही में देश भर में 8वीं तक पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए 31 अगस्त 2027 तक हर हाल में टीईटी परीक्षा पास करने का निर्देश दिया है।

इसके लिए राज्य सरकारों को कम से कम दो टीईटी की परीक्षा कराने के लिए भी कहा है। अगर तय समय सीमा तक परीक्षा पास नहीं की, तो नौकरी से हाथ धोना पड़ सकता है। बिना TET पास किए इन शिक्षकों का प्रमोशन (पदोन्नति) भी लंबे समय से अटका हुआ है।

ओएमआर शीट के ट्रंक पर वन टाइम लॉक

आयोग की ओर से तैयार किए गए कई प्रश्नपत्र सेटों में से किस सेट का इस्तेमाल होगा, इसका फैसला परीक्षा शुरू होने से मात्र 5 घंटे पहले ही किया जाएगा। प्रश्नपुस्तिकाओं और ओएमआर शीट के ट्रंक पर वन टाइम लॉक लगाए गए हैं। इन्हें परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले वायर कटर से खोला जाएगा।

प्रश्नपत्र पारदर्शी वन-टाइम सीलर पैकेट में बंद रखे गए हैं। ट्रंक लेबल और सेट कोड के लिए कलर कोडिंग की व्यवस्था की गई है। जिससे पाली के अनुसार सही पेपर का वितरण सुनिश्चित हो सके।

Post Comment

You May Have Missed