उत्तर प्रदेश, राजनीति, सोशल मीडिया

UP: नोएडा में हुई हिंसा के लिए सपा-कांग्रेस ने भाजपा सरकार को ठहराया जिम्मेदार

UP: नोएडा में हुई हिंसा के लिए सपा-कांग्रेस ने भाजपा सरकार को ठहराया जिम्मेदार

लखनऊ: नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शन का ठीकरा विपक्षियों ने भाजपा पर फोड़ा है। विपक्ष ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए आलोचना की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने नोएडा में वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों द्वारा किये गये हिंसक विरोध प्रदर्शन के लिए भाजपा सरकार की एकतरफा नीति को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार पूंजीपतियों का पक्ष लेती है जबकि वेतनभोगी कर्मचारियों और मज़दूरों की उपेक्षा करती है।

वेतनभोगी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा: अखिलेश यादव

अखिलेश यादव ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, नोएडा में वेतन बढ़ाने को लेकर उग्र हुए आंदोलन का कारण भाजपा सरकार की वह एकतरफ़ा नीति है जो पूंजीपतियों का पोषण करती है लेकिन सामान्य काम करने वाले कर्मचारियों और वेतनभोगी श्रमिकों-मजदूरों का शोषण करती है। भाजपाई चंदा देने वालो पूंजीपतियों के एटीएम में तो पैसे भरते जा रहे हैं, लेकिन श्रमिकों-मजदूरों के वेतन के लिए इनके एटीएम खाली हैं। बेतहाशा महंगाई के इस दौर में कम वेतन में घर चलाना कितना मुश्किल है, यह एक परिवारवाला ही समझ सकता है। वेतनभोगी कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!

मजदूरों की जायज मांगों को अनसुना करना बंद कीजिए: अजय राय

वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने भी इस मामले पर बीजेपी सरकार पर तंज कसा है। अजय राय ने कहा, नोएडा में मदरसन कंपनी के बाहर की तस्वीरें विचलित करने वाली हैं। जब महंगाई कमर तोड़ रही हो और वेतन के नाम पर मजदूरों का शोषण हो रहा है, तो युवा सड़क पर उतरने को मजबूर होगा ही। उन्होंने कहा, योगीजी, भारी भरकम विज्ञापनों से पेट नहीं भरता। पुलिस के आंसू गैस के गोले भूखे पेट का जवाब नहीं हो सकते। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, मजदूरों की जायज मांगों को अनसुना करना बंद करिए और दमन की जगह समाधान निकालिए।

बता दें की  वेतन बढ़ोतरी सहित विभिन्न मांगों को लेकर गौतम बुद्ध नगर के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे श्रमिकों का आंदोलन सोमवार को और उग्र हो गया और उन्होंने कई जगहों पर जाम लगाया और तोड़फोड़ की। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक कई जगह पर श्रमिकों ने रास्ता जाम किया, अनेक स्थानों पर श्रमिकों ने उग्र होकर पुलिस पर पथराव किया और कुछ कारों में आग लगा दी। कारखानों में तोड़फोड़ की भी खबर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *