UP Politics: ऊपर की पर्ची से होगा बंटवारा; नए मंत्रियों को विभाग न मिलने पर अखिलेश का तंज
UP Politics: उत्तर प्रदेश में हाल ही में मंत्रिमंडल विस्तार हुआ है। वहीं सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार के नए मंत्रियों को विभाग न मिलने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि यूपी में मंत्रियों के नाम के बाद अब क्या उनके विभागों की पर्ची भी ऊपर से आएगी। मंत्रालयों के बंटवारे की देरी की असली वजह सिर्फ ये है कि मंत्रालय-विभाग की कमीशन व कमाई के बंटवारे के लिए डबल इंजन आपस में टकरा रहे हैं। दीर्घ प्रतीक्षा के बाद जो नए मंत्री बने हैं, वो बेचारे तो बस दर्शक दीर्घा में बैठकर गेंद को इधर-उधर आते-जाते देख रहे हैं। भाजपाई डबल इंजन बाकी सब मंत्रियों को डिब्बा कर देता है।
भाजपा सरकार की नीतियां विफल
सपा अध्यक्ष और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया है। जो हालात हैं, उसमें महंगाई में लगातार वृद्धि होगी। भाजपा सरकार की नीतियां फेल है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि 2027 में विधानसभा चुनाव लोकतंत्र की अग्निपरीक्षा है। भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करेगी लेकिन इस बार जनता की ताकत के सामने भाजपा टिक नहीं पाएगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि उनके व्यवहार से किसी को कष्ट न हो। कार्यकर्ताओं और नेताओं की भाषा और व्यवहार किसी के खिलाफ न हो। इस अवसर पर पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, पूर्व सांसद डॉ. एसटी हसन आदि मौजूद रहे।



Post Comment