UP Plantation 2024: राज्यपाल ने सीतापुर में किया पौधरोपण, कहा- ये अभियान सराहनीय
UP Plantation 2024: उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को सीतापुर में वृक्षारोपण कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने सफेद चन्दन का वृक्ष रोपित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग से बचाव के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण किया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री जी द्वारा प्रारंभ किए गए ‘मां के नाम से पौधरोपण’ अभियान की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस अभियान के माध्यम से देशभर में करोड़ों पेड़ लगाए जा रहे हैं।
राज्यपाल आनंदीबेन ने वृक्षारोपण (UP Plantation 2024) को एक उत्सव के रूप में मनाने की बात कही और पेड़ लगाने के साथ-साथ उनकी देखभाल और उन्हें जीवित रखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हमारी पीढ़ी को कार्य और संस्कार के महत्व को समझना होगा। जहां-जहां वृक्षारोपण हो, वहां मां के नाम से गार्डेन बनना चाहिए ताकि उस महान मां की उपलब्धियों के विषय में शिक्षा दी जा सके।
बच्चों की अच्छी शिक्षा पर दिया जोर | UP Plantation 2024
आनंदीबेन पटेल ने यह भी कहा कि आजादी के 100वें वर्ष का जश्न मनाने की जिम्मेदारी आज के छोटे-छोटे बच्चों के ऊपर है, इसलिए उन्हें उनकी जिम्मेदारियों के प्रति शिक्षित करना आवश्यक है। इस अवसर पर राज्यपाल ने आंगनवाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों को अच्छी शिक्षा प्रदान करने पर जोर दिया और बच्चों की प्रतिभा एवं गुणवत्ता के आधार पर शिक्षा प्रदान करने की बात कही।

इस कार्यक्रम में होमगार्ड्स नागरिक सुरक्षा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मवीर प्रजापति और वन, पर्यावरण, जन्तु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन विभाग राज्य मंत्री कृष्णपाल मलिक ने भी वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम (UP Plantation 2024) में ग्राम प्रधान, महिलाएं, सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं, स्कूली छात्र/छात्राएं तथा जन सामान्य ने सहभागिता से पौधारोपण किया। राज्यपाल ने सेक्रेट हार्ट डिग्री कॉलेज, सीतापुर की गजाला रईस, शाब्दी अग्रवाल, वरूनिका जायसवाल और सुमित्रा गर्ल्स इंटर कॉलेज, सीतापुर की सुभिक्षा मिश्रा, श्रुति मिश्रा को फलदार पौधे वितरित किए।
इनको भी किया गया सम्मानित | UP Plantation 2024 Update
इसके अलावा राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सेना और पीएसी बल की बैण्ड पार्टी को भी सम्मानित किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने आंगनवाड़ी केंद्रों में 50 प्री-स्कूल किट का वितरण किया, जिसमें ट्राई साइकिल, झूले वाले घोड़े, नम्बर्स, एबीसीडी चार्ट, फल, एनिमल्स, ब्लॉक्स, पज़ल्स बॉल, क्ले गोलियां, रिंग्स, स्टोरी बुक्स, पंचतंत्र, एजुकेशनल मैप, वाइट बोर्ड स्टैण्ड/मार्कर एवं डस्टर, टेबल, किंडर शेप्ड चेयर्स आदि शामिल थीं। कार्यक्रम में जिलाधिकारी अभिषेक आनंद, पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्रा, स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित वन विभाग के अधिकारी व संबंधित लोग उपस्थित रहे।



Post Comment