UP News: परिवहन मंत्री ने प्रोत्साहन अवधि में अतिरिक्त बसों के संचालन के दिए निर्देश

UP News: परिवहन मंत्री ने प्रोत्साहन अवधि में अतिरिक्त बसों के संचालन के दिए निर्देश
  • पर्व अवधि में प्रदेश के लोगों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुनिश्चित किया जायेगा

UP News: उत्तर प्रदेश के परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने आगामी दीपावली एवं छठ पर्व पर (प्रोत्साहन अवधि) प्रदेश के लोगों को उनके गन्तव्य तक सुरक्षित एवं सुगम्य यात्रा के लिए अतिरिक्त परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि 18 अक्टूबर से 30 अक्टूबर 2025 तक अधिक से अधिक बसें संचालित की जाएं। पूर्वांचल में बड़े पैमाने पर छठ पर्व का आयोजन होता है। इस पर्व पर महानगरों में रहने वाले पूर्वांचल के बहुत से लोग अपने गन्तव्य को जाते हैं। इसके दृष्टिगत सुव्यवस्थित आवागमन सुनिश्चित करने के निर्देश परिवहन मंत्री ने दिए है। परिवहन मंत्री ने कहा कि दिल्ली से पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को आवागमन के लिए अधिक संख्या में बसें चलायी जाएं।

अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए

परिवहन मंत्री ने कहा, लखनऊ व कानपुर नगरों के लिए भी इस अवधि में अतिरिक्त बसों के संचालन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भाईदूज के अवसर पर स्थानीय व निकट जनपदों में अधिक आवागमन होता है। ऐसे स्थानीय स्तर पर क्षेत्रीय अधिकारी आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। परिवहन मंत्री ने प्रोत्साहन अवधि में निगम बसों को शत प्रतिशत ऑनरोड करने के निर्देश दिए साथ ही कहा कि बसों की असेम्बलीज व स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता भी परिवहन निगम के अधिकारी सुनिश्चित करा लें। उन्होंने कहा कि किसी भी दशा में अनफिट बसों का संचालन न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रोत्साहन अवधि में अतिविशिष्ट परिस्थितियों को छोड़कर अधिकारियों-कार्मिकों का अवकाश स्वीकृत न किया जाए। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर पद्धति से लगाने के निर्देश दिए। त्योहार पर यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशनों एवं बसों में साफ सफाई की व्यवस्था बेहतर हो। स्टेशनों पर पीने के पानी एवं बैठने, डिजिटल समय सारिणी एवं सहायता केन्द्र की भी व्यवस्था की जाए।

प्रबन्ध निदेशक परिवहन प्रभु नारायण सिंह ने आश्वस्त किया कि परिवहन मंत्री के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रीय-सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धकों को इस संबंध में निर्देश दिए गए हैं। प्रोत्साहन अवधि में सुरक्षित एवं सुगम यात्रा प्रदेश के लोगों को उपलब्ध करायी जायेगी।

अतिरिक्त बसों का संचालन

प्रबन्ध निदेशक ने बताया कि प्रोत्साहन अवधि में दिल्ली से लखनऊ, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या, कानपुर के लिए अतिरिक्त बसों का संचालन परिवहन निगम द्वारा किया जायेगा। इसके अतिरिक्त गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ एवं इटावा क्षेत्रों के लिए अतिरिक्त बसों के संचालन के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक आवश्यकतानुसार बसों के संचालन को घटा-बढ़ा सकते हैं।

Previous post

हरियाणा IPS सुसाइड: राहुल गांधी बोले- सरकार तमाशा बंद करे, अफसरों को अरेस्‍ट करे; चिराग ने कहा- सभी मांगें पूरी होंगी    

Next post

Bihar Election 2025: भाजपा के 71 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी, दोनों डिप्टी CM समेत 13 मंत्री लड़ेंगे चुनाव

Post Comment

You May Have Missed