UP Congress: राजेंद्र पाल गौतम बोले- हमें जीत सुनिश्चित करनी है, चाहे…
- यूपी कांग्रेस प्रभारी ने कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी में जुटने के लिए किया प्रोत्साहित
UP Congress: कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेन्द्र पाल गौतम लखनऊ दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन पार्टी मुख्यालय में प्रदेश प्रभारी ने कर्मचारियों संग बैठक कर उनका मनोबल बढ़ाया और पूरी ताकत के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। मीडिया विभाग के पदाधिकारियों के साथ बैठक करके वर्तमान परिवेश में जो सामाजिक और राजनीतिक घटनाक्रम हैं, उसको लेकर कांग्रेस पार्टी के पक्ष को मीडिया में मजबूती के साथ रखने, तथ्यों सहित भाजपा के झूठ को उजागर करने सहित सभी जनहित के मुद्दों को बेबाकी के साथ मीडिया में प्रचारित-प्रसारित करने के लिए आवाहन किया। उन्होंने कहा कि सरकार के इशारे पर समाज में फैलाये जाने वाले भ्रम को भी दूर करते हुए पार्टी की मंशा को जन-जन तक पहुंचाना है। प्रदेश प्रभारी 2022 यूपी विधानसभा चुनाव के पार्टी प्रत्याशियों की बैठक को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने देश को हर क्षेत्र में सम्पन्न बनाने का काम किया। अन्न के क्षेत्र में हरित क्रान्ति लाकर, शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय शिक्षण संस्थानों की स्थापना, सामरिक एवं आर्थिक क्षेत्र में देश को नई ऊंचाईयों तक पहुंचाया। कांग्रेस के शासन में हर वर्ग के गरीब बच्चों को शिक्षा मिल रही थी और नौकरियां मिल रही थी।

देश को विश्व पटल पर स्थापित करने का विजन कांग्रेस के पास था
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का देश को विश्व पटल पर स्थापित करने का एक विजन था। कांग्रेस पार्टी ने देश को विश्व में ख्याति दिलायी। आज भाजपा की सरकार हर मोर्चे पर विफल है। सरकार छात्रों से शिक्षा छीनने का काम रही है। बेरोजगार युवाओं को नौकरियां नहीं हैं। यह सरकार शिक्षा और शिक्षण संस्थान की विरोधी है। सरकारी शिक्षण संस्थानों को बंद करके निजी शिक्षण संस्थानों को बढ़ावा दिया जा रहा है। गरीब, दलित, पिछड़े वर्ग के लोग अपने बच्चों को शिक्षा नहीं दिला पा रहे हैं। धर्म के नाम पर भाजपा वोट लेती है। यह सांसद चुराते हैं, विधायक चुराते हैं और वोट चुराते हैं। अब तो यह पार्टियों और सरकार को चुरा रहे हैं। राम के नाम पर वोट मांगकर और फिर राम मंदिर के निर्माण के नाम पर चन्दा चोरी, चढ़ावा चोरी से इनकी असलियत खुल गयी है। उन्होंने कहा कि आप लोग पिछले चुनाव में जिस माहौल में चुनाव लड़े वह विपरीत परिस्थितियां थीं लेकिन आज परिस्थितियां अनुकूल हैं। आप अपना मन बनाइये, क्योंकि कहा गया है कि मन के जीते जीत है मन के हारे हार, इसलिए आप लोग पूरी ताकत और मन के साथ क्षेत्र में जुटिए, जनता के बीच जाइये। हमें क्षेत्र मजबूत करना है, चुनाव चाहे आप लड़ें या पार्टी का दूसरा व्यक्ति लड़े, जीत सुनिश्चित करनी है।



Post Comment