UP Congress अध्यक्ष अजय राय बोले- हमें अपने लोकतंत्र-संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करना है
UP Congress: प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पर 79वें स्वतंत्रता दिवस पर समारोह का आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान अजय राय ने देश के सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदानों को याद करते हुए उपस्थित कांग्रेसियों को देश सेवा का संकल्प लेने का अहवाहन किया। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त 1947 वह ऐतिहासिक दिन था जब हमारे देश ने वर्षों की गुलामी से आजादी प्राप्त की थी, जिसके लिए राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहर लाल नेहरू, सुभाष चन्द्र बोस, सरदार भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, मौलाना अबुल कलाम आजाद सहित सैकड़ों ज्ञात अज्ञात क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों की आहूति देकर हमें यह आजादी दिलाई थी।
फिर एक बार देश के संविधान–लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश की जा रही
उन्होंने कहा, आज देश एक बार फिर उसी दौर से गुजर रहा है जहां देश के संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का कुचक्र रचा जा रहा है जो कि बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण है। लेकिन हमें हताश और निराश होने की आवश्यकता नहीं है क्योंकि हमें राहुल गांधी जैसे योद्धा का नेतृत्व मिला है जो लगातार इस देश के लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए सदन से लेकर सड़क तक लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारा कर्तव्य है कि हम अपने नेता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करना है और एक सशक्त, समृद्ध और समरस राष्ट्र बनाने के लिए कार्य करना होगा।

उन्होंने कहा, युवा देश की सबसे बड़ी ताकत हैं। मैं आज युवाओं से अहवाहन करता हूँ कि वह आगे आएं अपने कर्तव्यों को समझें और देश के निर्माण में अपना योगदान सुनिश्चित करें। अजय राय ने कहा कि आइए, आज इस स्वंतत्रता दिवस पर हम सभी यह संकल्प लें कि हम देश की एकता, अखंडता और लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। हम जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र के भेदभाव से ऊपर उठकर भारत को आगे बढ़ाएंगे और देश को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में अपना संपूर्ण योगदान देंगे। जय हिंद! जय भारत!



Post Comment