UP By-Election 2024: उप चुनाव के परिणाम से पहले अखिलेश यादव बोले- समय आने पर सबका हिसाब होगा
UP By-Election 2024: उत्तर प्रदेश उप चुनाव का परिणाम शनिवार यानी 23 नवंबर को घोषित किया जाएगा। इससे पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मीडिया से बात करते हुए बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने जयपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि यूपी में हर तरफ भ्रष्टाचार फैला हुआ है। योगी सरकार इस पर लगाम लगाने में विफल हो गई है।
सपा सुप्रीमो ने आगे कहा कि लोकतंत्र को सबसे खराब स्तर पर भाजपा ने पहुंचा दिया है। भाजपा को पता था कि वो उपचुनाव हार रहे हैं, इसीलिए पूरी सरकार वोट लूटने में लगी हुई थी। कमिश्नर दूसरे प्रदेश से इसलिए लाए गए कि उत्तर प्रदेश में लूट मचाई जाए। उत्तर प्रदेश में तैनात कुछ अधिकारी राजस्थान के हैं। जो यहां से कमाई कर लूट का पैसा राजस्थान में निवेश कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों के बारे में सबको पता है और समय आने पर सबका हिसाब होगा।
सबसे ज्यादा अधर्मी पार्टी है भाजपा
अखिलेश यादव ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश का चुनाव आप सबने देखा, ऐसा चुनाव किसी ने नहीं देखा होगा। जैसा चुनाव हुआ। भाजपा की घबराहट यह है कि वो 9 की 9 सीटें हार रही है। उसी का परिणाम है कि उन्होंने वोट को लूटा, दबाव बनाया और प्रशासन को लगा दिया। सबसे ज्यादा अधर्मी अगर कोई है तो वो भारतीय जनता पार्टी है। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा धर्म के रास्ते पर नहीं चलती है, धर्म का रास्ता न्याय का रास्ता है।



Post Comment