लखनऊ में गिरी निर्माणाधीन बिल्डिंग, मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत

लखनऊ में गिरी निर्माणाधीन बिल्डिंग, मिट्टी में दबने से मजदूर की मौत

लखनऊ: राजधानी के विभूतिखंड इलाके में गुरुवार सुबह NTPC भवन के पास निर्माणाधीन बिल्डिंग गिर गई। खुदाई के दौरान दीवार के पीछे से मिट्टी खिसक गई, जिसमें दो मजदूर दब गए। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रगेड मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया तो एक मजदूर अचेत अवस्था में मिट्टी से निकाला गया।

डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बाराबंकी रामनगर के लक्ष्मी शंकर अवस्थी (35) के रूप में हुई। दूसरे साथी तुलसी राम को कम चोट थी। उसका इलाज पुलिस ने लोहिया संस्थान में कराया। प्राथमिक उपचार के बाद वह कहीं चला गया। एक निजी बिल्डिंग में बेसमेंट बनाने का काम चल रहा था। घटना करीब 10 बजे हुई।

हॉस्पिटल बनवाया जा रहा था, नक्शा पास

एलडीए के अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने मौके पर निरीक्षण किया। उनका कहना है कि D63 का नक्शा पास है। आगे की कार्रवाई पुलिस कर रही है। जिस जमीन पर हादसा हुआ है, उस पर हॉस्पिटल बन रहा था। इसका मानचित्र प्राधिकरण से पास है।

पुलिस ने बताया– मिट्टी ढह गई थी

विभूतिखंड इंस्पेक्टर अमर सिंह ने बताया कि सुबह 10 बजे सूचना मिली कि एक मिट्टी ढह गई है। सूचना मिलते ही तुरंत समिट बिल्डिंग चौकी इंचार्ज को बुलाकर पुलिस बल के साथ मौके पहुंचे। फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीम भी बुलाई गई।

युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर मिट्टी में दबे दो मजदूरों को बाहर निकाला गया। इनमें बाराबंकी के अमौली गांव के लक्ष्मीशंकर अवस्थी को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे मजदूर भीकमपट्टी गांव के तुलसीराम को मामूली चोटें थीं। उनको हॉस्पिटल से छुट्टी मिल गई है।

Post Comment

You May Have Missed