MP में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से तीन मजदूरों की मौत, मालिक हिरासत में; घटना की जांच के आदेश

MP में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट से तीन मजदूरों की मौत, मालिक हिरासत में; घटना की जांच के आदेश

देवास: मध्य प्रदेश के देवास के टोंक कलां इलाके में गुरुवार को एक पटाखा फैक्ट्री में धमाका हो गया। हादसे में धीरज, सनी और सुमित नाम के तीन मजदूरों की मौत हो गई। जानकारी मिली है कि देवास पुलिस ने फैक्ट्री के मालिक अनिल मालवीय को हिरासत में ले लिया है।

इस हादसे में कुल 25 लोग घायल हुए हैं। इनमें 13 गंभीर घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है। ब्लास्ट इतना तेज था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे में कई लोग बुरी तरह झुलस गए और तीन महिलाएं अब भी लापता बताई जा रही हैं। फैक्ट्री में करीब 200 से ज्यादा महिलाएं काम करती थीं। घायलों को जिला अस्पताल भेजा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन और राहत टीम मौके के लिए रवाना हुई है।

सीएम ने जताया दु:ख

सीएम डॉ. मोहन यादव ने घटना को लेकर X पर दु:ख जताया है। उन्होंने लिखा- ‘जिले के प्रभारी और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव और वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। घटना की जांच के आदेश भी दिए गए हैं।’

राज्य सरकार ने मृतकों के परिजन को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने और घायलों का मुफ्त इलाज कराने के निर्देश दिए हैं।

दो केमिकल को मिलाकर बारूद बनाया जा रहा था

मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि दो केमिकल मिलाकर बारूद बनाया जा रहा था। इसी दौरान केमिकल की मात्रा सही नहीं मिलने से ब्लास्ट हो गया। लोगों के अनुसार, जहां विस्फोट हुआ वहां 15 से 20 मजदूर काम कर रहे थे।

लंच से करीब 15 से 20 मिनट पहले ही फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया। लोगों ने बताया कि कर्मचारियों का खाना भी आ चुका था, लेकिन हादसे के बाद लोग खाना छोड़कर जान बचाने के लिए भागे।

आरोप– अवैध फैक्ट्री के खिलाफ पहले कोई कार्रवाई नहीं की

घटना के बाद ग्रामीणों ने कमिश्नर का घेराव कर आरोप लगाया कि अवैध फैक्ट्री के खिलाफ पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में करीब 400 से 500 लोग काम करते हैं। फैक्ट्री में पुरुष मजदूरों को 400 रुपये और महिला मजदूरों को ढाई सौ रुपये प्रतिदिन मजदूरी दी जाती थी। भुगतान हर हफ्ते किया जाता था।

देवास सांसद ने घटना पर दु:ख जताया

देवास से सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी ने सोशल मीडिया पर लिखा- ‘देवास के टोंक कला क्षेत्र स्थित पटाखा फैक्ट्री में हुआ भीषण हादसा अत्यंत दुःखद, मर्मस्पर्शी एवं व्यथित करने वाला है। इस दुर्घटना में जनहानि एवं अनेक लोगों के घायल होने का समाचार मन को आहत कर देने वाला है। घटना के संबंध में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों से निरंतर संपर्क बना हुआ है तथा दुर्घटना की निष्पक्ष एवं गहन जांच के निर्देश दिए गए हैं।’

उन्‍होंने आगे लिखा- ‘प्रशासन एवं राहत-बचाव दल द्वारा युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य सतत जारी है, ताकि प्रभावितों को शीघ्र उपचार एवं हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा सके। संकट की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी की सरकार पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदनशीलता, आत्मीयता एवं दृढ़ संकल्प के साथ खड़ी है। प्रदेश सरकार द्वारा प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा। बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ दें।’

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी देवास के लिए रवाना

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी देवास के लिए रवाना हो गए हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार का चेहरा अब “सामूहिक हत्याकांड” जैसा बन गया है। पटवारी ने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि पहले क्रूज हादसे में लोगों की मौत हुई, फिर इंदौर में जहरीले पानी से लोगों की जान गई, हरदा में पटाखा फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ और अब देवास में भी बड़ा विस्फोट हो गया।

Post Comment

You May Have Missed