Small Savings: छोटी बचत योजना में जमा राशि पर ब्याज दरों में नहीं होगी वृद्धि, केंद्र सरकार का इनकार

Small Savings: छोटी बचत योजना में जमा राशि पर ब्याज दरों में नहीं होगी वृद्धि, केंद्र सरकार का इनकार

Small Savings: केंद्र सरकार की ‘स्मॉल सेविंग स्कीम’ यानी लघु बचत योजनाओं को लेकर लोगों को उम्मीद थी कि केंद्र की नई सरकार, इनमें जमा राशि पर मिलने वाले ब्याज की दरों में बढ़ोतरी करेगी। हालांकि, केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि पहली जुलाई से 30 सितंबर तक की अवधि के लिए ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। ‘पीपीएफ’ पर 7.1 फीसदी ब्याज मिलेगा, तो वहीं सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा राशि पर 8.2 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा।

‘स्मॉल सेविंग स्कीम’ में पैसा जमा कराने वाले लोगों को पहली जुलाई से 30 सितंबर के बीच कितना ब्याज मिलेगा, सरकार ने यह घोषणा कर दी है। इन योजनाओं में पीपीएफ, सुकन्या, नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट और किसान विकास पत्र जैसी योजनाएं शामिल हैं। पब्लिक प्रोविडेंट फंड (पीपीएफ) पर पहले की ही तरह 7.1 फीसदी ब्याज मिलता रहेगा। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा राशि पर जो ब्याज मिलता है, उसकी दरों में बदलाव नहीं किया गया है।

मिलता है इतना ब्‍याज

केंद्र सरकार द्वारा पिछले सप्ताह ही लघु बचत योजनाओं पर मिलने वाले ब्याज की दरों की घोषणा की गई है। पोस्ट ऑफिस सेविंग स्कीम पर एक जुलाई से 30 सितंबर तक 4.0 फीसदी ब्याज दर रहेगी। अगर एक वर्ष के लिए राशि जमा की गई है, तो ब्याज दर 6.9 फीसदी होगी। दो वर्ष के लिए राशि जमा है, तो ब्याज दर 7.0 फीसदी रहेगी। तीन वर्ष के लिए जमा राशि पर ब्याज दर 7.1 फीसदी होगी। पांच वर्ष के लिए जमा राशि पर ब्याज दर 7.5 फीसदी होगी। पांच साल की आवर्ती जमा राशि पर 6.7 दर से ब्याज मिलेगा।

वरिष्ठ नागरिक सेविंग स्कीम पर ब्याज दर 8.2 फीसदी रखी गई है। मंथली इनकम अकाउंट स्कीम के लिए ब्याज दर 7.4 फीसदी होगी। सुकन्या समृद्धि योजना के तहत जमा राशि पर 8.2 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। पीपीएफ के लिए जमा राशि पर 7.1 फीसदी की दर से ब्याज दिया जाएगा। नेशनल सेविंग सर्टिफिकेट में जमा राशि पर 7.7 फीसदी की दर से ब्याज मिलेगा। किसान विकास पत्र जैसी योजनाओं पर 7.5 फीसदी की दर से ब्याज दिया जाएगा। इस स्कीम के मेच्योर होने की अवधि 115 महीने रखी गई है।

Post Comment

You May Have Missed