UP में नए साल में और बिगड़ेगा मौसम, 30 जिले कोहरे की चपेट में; बढ़ी दिल के मरीजों की संख्‍या   

UP में नए साल में और बिगड़ेगा मौसम, 30 जिले कोहरे की चपेट में; बढ़ी दिल के मरीजों की संख्‍या   

लखनऊ: उत्‍तर प्रदेश में हाड़ कंपाने वाली ठंड को देखते हुए 12वीं तक के स्कूल और कॉलेजों को 01 जनवरी, 2026 तक बंद कर दिया गया है। सोमवार सुबह से वाराणसी, कानपुर, अलीगढ़ और संभल सहित 30 जिले घने कोहरे की चपेट में हैं। 8-10 शहरों में विजिबिलिटी शून्य तक पहुंच गई है। सड़कों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। बर्फीली हवाएं चल रही हैं। ओस की बूंदें रिमझिम बारिश का एहसास करा रही हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4 दिनों तक भयंकर ठंड पड़ेगी। नए साल में भी मौसम बिगड़ा रहेगा।

रविवार की बात करें तो बाराबंकी और फतेहपुर 8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडे रहे। इसके अलावा बुलंदशहर-हरदोई 8.5 डिग्री के साथ दूसरे और मेरठ 8.6 डिग्री के साथ तीसरे नंबर पर रहा। कोहरे की वजह से गोरखपुर, जालौन, वाराणसी, लखनऊ समेत अन्य रेलवे स्टेशनों पर 100 से ज्यादा ट्रेनें देरी से चल रही हैं। फ्लाइटें भी देरी से उड़ रही हैं।

हाथरस में हादसे में सात लोग घायल

हाथरस में सुबह-सुबह विजिबिलिटी कम होने की वजह से दो सड़क हादसों में 7 लोग घायल हो गए। हाथरस में आगरा-अलीगढ़ नेशनल हाईवे पर एक खाली स्कूली बस और रोडवेज बस की भिड़ंत हो गई। हादसे में चालक और परिचालक घायल हो गए। इसके अलावा एक डंपर और ईको वाहन की टक्कर में कार सवार पांच लोग घायल हो गए। सभी लोग वृंदावन में बांके बिहारी के दर्शन करने जा रहे थे।

मौसम की मार के मद्देनजर यूपी सरकार भी अलर्ट मोड पर है। सीएम योगी ने अफसरों से तत्काल फील्ड में उतरने को कहा है। उन्होंने कहा- अफसर जमीनी हकीकत का जायजा लें और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव और कंबलों की व्यवस्था कराएं।

बेवजह यात्रा करने से बचने की सलाह

मौसम विभाग ने भी लोगों को बेवजह यात्रा करने से बचने की सलाह दी है। उन्‍होंने कहा कि जरूरी हो, तभी घर से बाहर निकलें। बुजुर्ग और बच्चों का ज्यादा ख्याल रखें। आज वाराणसी सहित 38 जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे रहेगा। 37 जिलों में बहुत अधिक घना कोहरा छाया रहेगा। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने बताया कि पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है। इसके कारण प्रदेश में सर्दी में कमी के आसार नहीं हैं। अगले तीन दिनों में रात के साथ ही दिन में भी ठंड और बढ़ेगी।

हार्ट के मरीजों की संख्या 30 प्रतिशत बढ़ी

अस्पतालों में सर्दी-बुखार के मरीज बढ़ गए हैं। हार्ट के मरीजों की भी मुश्किलें बढ़ गई हैं। मरीज घबराहट, सीने में भारीपन और दर्द जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। केजीएमयू और लोहिया संस्थान के कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी में दिल के मरीजों की संख्या में 30 प्रतिशत तक इजाफा हुआ है। लारी कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी में मरीजों की संख्या 400 के पास पहुंच गई है। लोहिया के कार्डियोलॉजी विभाग में 300 से अधिक मरीज रोज ओपीडी में पहुंच रहे हैं।

आलू और सरसों की फसलों पर खतरा

ठंड और कोहरे के असर से आलू और सरसों की फसलों पर खतरा मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि अगर इसी तरह तापमान गिरता रहा तो पैदावार कम हो सकती है। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को फसलों की निगरानी बढ़ाने की सलाह दी है। उन्‍होंने कहा कि कोहरे से फसलों में कीट और रोग बढ़ सकते हैं, इसलिए जिंक और क्लोरोपाइरीफॉस जैसी दवाओं का छिड़काव करें।

Post Comment

You May Have Missed