नाटक “श्याम कली का जादू” ने बिखेरा हंसी का जादू

नाटक “श्याम कली का जादू” ने बिखेरा हंसी का जादू

बरेली: एसआरएमएस रिद्धिमा में रविवार शाम नाटक “श्याम कली का जादू” का मंचन हुआ। लेखक डॉ. प्रदीप कुमार लिखित और अमर साह निर्देशित इस नाटक ने अपनी हल्की-फुल्की कहानी और शानदार अभिनय के दम पर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। नाटक की कहानी दो किराएदारों, विजय और श्याम  के इर्द-गिर्द घूमती है, जो किराया न दे पाने से परेशान हैं। इसी बीच विजय मकान मालिक की बेटी को प्रपोज करने के लिए श्याम को लड़की के रूप में तैयार करता है, ताकि वह अभ्यास कर सके। स्थिति उस समय हास्यपूर्ण मोड़ लेती है जब अचानक मकान मालिक वहां पहुंच जाता है और हालात को संभालने के लिए श्याम को “आंटी” बनाकर पेश किया जाता है।

इसके बाद घटनाओं की श्रृंखला और भी मजेदार हो जाती है, जब मकान मालिक स्वयं “आंटी” को पसंद करने लगता है और उन्हें प्रभावित करने की कोशिश करता है। नाटक का चरम दृश्य तब सामने आता है जब खींचतान के दौरान “आंटी” की साड़ी खुल जाती है और उनकी असलियत उजागर हो जाती है। इस दृश्य ने दर्शकों को हंसी से लोटपोट कर दिया और तालियों की गड़गड़ाहट से पूरा हॉल गूंज उठा। नाटक में श्याम ने “आंटी” के किरदार में दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

नाटक में अमर साह (श्याम), कौशल (विजय), सौरभ राय (मकान मालिक) ने भी अपनी भूमिकाओं में दर्शकों की तालियां हासिल कीं। नाटक में प्रकाश संचालन प्रियांशु ने किया और संगीत प्रशांत ने दिया। इस अवसर पर एसआरएमएस ट्रस्ट के संस्थापक एवं चेयरमैन देव मूर्ति, आशा मूर्ति, उषा गुप्ता, डॉ. रजनी अग्रवाल, सुभाष मेहरा, डॉ. प्रभाकर गुप्ता, डॉ. शैलेश सक्सेना, डॉ. आशीष कुमार, डॉ. रीता शर्मा और शहर के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Post Comment

You May Have Missed