उत्तर प्रदेश
देश-दुनिया
राजनीति
Agnishodh, Chief of Army Staff General Upendra Dwivedi, IIT Madras, Indian Army, Indian Army Chief, Indian Army Research Cell, Operation Sindoor, Upendra Dwivedi, अग्निशोध, आईआईटी मद्रास, इंडियन आर्मी रिसर्च सेल, उपेंद्र द्विवेदी, ऑपरेशन सिंदूर, थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी, भारतीय थल सेना, भारतीय थल सेनाध्यक्ष, भारतीय सेना
Shailendra Singh
0 Comments
ऑपरेशन सिंदूर पर सरकार ने हमें फ्री हैंड दिया था, हम चेस खेल रहे थे: आर्मी चीफ
चेन्नई: भारत के थल सेनाध्यक्ष जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा कि 22 अप्रैल को पहलगाम में जो हुआ, उसने पूरे देश को झकझोरा। 23 अप्रैल को रक्षा मंत्री ने कहा- मुझे लगता है कि अब बहुत हो गया। तीनों सेना प्रमुख बिल्कुल स्पष्ट थे कि कुछ तो करना होगा। सेना को पूरी छूट दी गई थी कि क्या करना है। ऐसा आत्मविश्वास, राजनीतिक दिशा हमने पहली बार देखी।
थल सेनाध्यक्ष ने कहा, ‘ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सरकार ने हमें फ्री हैंड दिया था। ऑपरेशन में हम चेस खेल रहे थे। हमें नहीं पता था दुश्मन की अगली चाल क्या होगी और हम क्या करने वाले हैं। हम शतरंज की चालें चल रहे थे और वह (दुश्मन) भी शतरंज खेल रहा था। कहीं हम उन्हें शह और मात दे रहे थे तो कहीं हम अपनी जान गंवाने के जोखिम पर भी हार मान रहे थे, लेकिन यही तो जिंदगी है। इसे ग्रे जोन कहा जाता है। इसका मतलब है कि हम पारंपरिक ऑपरेशन नहीं कर रहे हैं।’
आईआईटी मद्रास में कहीं ये बातें
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने ये बातें 4 अगस्त को IIT मद्रास में ‘अग्निशोध’- इंडियन आर्मी रिसर्च सेल (IARC) के उद्घाटन के दौरान कही थीं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर-आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई में एक नया अध्याय’ पर भी संबोधित किया। थल सेनाध्यक्ष ने ऑपरेशन सिंदूर को सुनियोजित, खुफिया-आधारित ऑपरेशन बताया, जो एक सैद्धांतिक बदलाव को दर्शाता है।
25 अप्रैल को हुई प्लानिंग
जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने कहा, 25 अप्रैल को हमने उत्तरी कमान का दौरा किया। यहां ऑपरेशन की प्लानिंग की, जिसमें हमने 9 में से 7 आतंकी ठिकानों को नष्ट किया, इसमें कई आतंकी भी मारे गए। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। यह महत्वपूर्ण है कि कैसे एक छोटा सा नाम ‘ऑपरेशन सिंदूर’ पूरे देश को जोड़ता है। यह एक ऐसी बात है, जिसने पूरे देश को प्रेरित किया। यही कारण है कि पूरा देश कह रहा था कि आपने इसे क्यों रोक दिया? यह सवाल पूछा जा रहा था और इसका भरपूर जवाब दिया गया है।
क्या है ‘अग्निशोध‘
‘अग्निशोध’- इंडियन आर्मी रिसर्च सेल (IARC) डिफेंस टेक्नॉलॉजी में बड़ा कदम है। इसका मोटिव सैन्य कर्मियों को एडिटिव मैन्युफैक्चरिंग, साइबर सिक्योरिटी, क्वांटम कंप्यूटिंग, वायरलेस कम्युनिकेशन और अनमैन्ड सिस्टम जैसे एरिया में कुशल बनाना है, जिससे टेक्नॉलॉजी की योग्यता रखने वाली फोर्स बनाई जा सके।
एयरफोर्स चीफ ने कहा था- हमने पाकिस्तान के 5 जेट गिराए
इससे पहले शनिवार को ही बेंगलुरु में कार्यक्रम के दौरान एयर फोर्स चीफ एपी सिंह ने कहा था, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के 5 लड़ाकू विमान गिराए गए थे। इसके अलावा एक सर्विलांस एयरक्राफ्ट को लगभग 300 किलोमीटर की दूरी से मार गिराया। यह सतह से हवा में टारगेट हिटिंग का अभी तक का रिकॉर्ड है।
उन्होंने कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हमारे एयर डिफेंस सिस्टम ने शानदार काम किया, पाकिस्तान हमारा एयर डिफेंस सिस्टम नहीं भेद पाया। हाल ही में खरीदे गए S-400 सिस्टम गेम-चेंजर रहे हैं। पाकिस्तान लंबी दूरी के ग्लाइड बम होने के बाद भी इनका इस्तेमाल नहीं कर पाया।



Post Comment