राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बृजभूषण सिंह ने कहा- सच बोला तो परेशानी में पड़ जाऊंगा, वे बहुत बड़े लोग हैं

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर बृजभूषण सिंह ने कहा- सच बोला तो परेशानी में पड़ जाऊंगा, वे बहुत बड़े लोग हैं

गोंडा: उत्‍तर प्रदेश में इस समय अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब इस दावे पर भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा, मैं बहुत कमजोर आदमी हूं। अगर मैं सच बोल दूंगा तो बहुत परेशानी में पड़ जाऊंगा। क्योंकि, वे बहुत बड़े लोग हैं। सच बोलने की हिम्मत अभी हमारे अंदर नहीं है। कभी समय आएगा तो बोलेंगे। बृजभूषण किसे ‘बड़े लोग’ बता रहे थे, इसका उन्होंने खुलासा नहीं किया।

हालांकि, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय को हटाने की मांग पर बृजभूषण ने कहा- यह हमारा विषय नहीं है। पूर्व सांसद गोंडा में अपने विश्नोहरपुर गांव में मीडिया से बातचीत में गोस्वामी तुलसीदास की चौपाई “जिमि दसनन महुं जीभ बिचारी, सुनहु पवनसुत रहनि हमारी” का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ये चौपाई विभीषणजी ने बजरंगबली से कही थी।

महिला पहलवानों के आरोपों पर बोले- रायते को समेट रहा हूं

दिल्ली में इतने लंबे समय तक रहने को लेकर पूछे गए सवाल पर बृजभूषण सिंह ने कहा कि 2023 में कुछ विश्व चैंपियन महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए आरोपों से उपजे विवाद को सुलझाने में लगे हुआ था। जो रायता फैलाया गया था, उसी को समेटने में लगा हूं।

नीट पेपर लीक पर धर्मेंद्र प्रधान का किया बचाव

नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि किसी मंत्री के इस्तीफा देने से समस्या का समाधान नहीं होगा। पेपर लीक के पीछे एक पूरा सिस्टम काम करता है, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका होती है।

उन्होंने कहा कि क्या धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफा देने से कोई गारंटी ले सकता है कि आगे पेपर लीक नहीं होगा? मंत्री हर जगह जाकर निगरानी नहीं कर सकता। जब तक अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक यह व्यवस्था नहीं सुधरेगी। उन्‍होंने कहा कि पहली बार बड़े अधिकारियों पर कार्रवाई होती दिखाई दे रही है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस पूरे सिस्टम को तोड़ने का काम करेगी।

यह देश का दुर्भाग्य कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता कांग्रेस नेता

राहुल गांधी के बयानों पर बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि उनकी बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने कहा कि यह देश का दुर्भाग्य है कि राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं। जब तक वे गलत बयानबाजी करते रहेंगे और गंभीर राजनीति नहीं करेंगे, तब तक भाजपा के सामने कोई बड़ी चुनौती नहीं है।

Post Comment

You May Have Missed