TMC में टूट लगातार जारी, अब राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने दिया इस्तीफा
कोलकाता: पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) में लगातार टूट जारी है। बुधवार को राज्यसभा सांसद सुष्मिता देव ने पार्टी और पद से इस्तीफा दे दिया। सभापति सीपी राधाकृष्णन ने उनका इस्तीफा मंजूर कर लिया है। बीते 3 दिनों में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के दो राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़ चुके हैं। इससे पहले आठ जून को सुखेंदु शेखर ने राज्यसभा से इस्तीफा दे दिया था, पार्टी भी छोड़ दी थी।
टीएमसी के लोकसभा में 28 में से 20 सांसद और राज्यसभा में 13 में से 2 सांसद यानी कुल 22 सांसद टूट चुके हैं। 03 जून को बंगाल के 80 में से 58 विधायक अलग गुट बना चुके हैं। उन्होंने ऋतब्रत बनर्जी को विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाने के लिए स्पीकर को पत्र दिया था। ऋतब्रत ने बुधवार को कहा कि हमारे पास 64 विधायक हैं। बाकी के 6 विधायक भी स्पीकर को चिट्ठी सौंपेंगे। इस बीच ममता के भतीजे अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात की। एक दिन पहले ममता सोनिया गांधी से मिलीं थीं। मुलाकात के बाद अब ममता कोलकाता लौट चुकी हैं।
पार्टी छोड़ने के बाद सुष्मिता बोलीं- अब मैं आजाद हूं
पार्टी छोड़ने के बाद सुष्मिता देव ने कहा, मैं सिर्फ अपने बारे में जवाब दे सकती हूं। मैंने टीएमसी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। राज्यसभा सीट मुझे पार्टी ने ही दी थी। अब अगर पार्टी छोड़ रही हूं तो राज्यसभा की सीट भी छोड़नी चाहिए। मेरे कुछ पर्सनल और राजनीतिक कारण हैं।
उन्होंने कहा कि मैं बंगाल की राजनीति से सीधे तौर पर नहीं जुड़ी हूं। मैं असम से हूं। अब मैं आजाद हूं। हिमंता जी के साथ मेरे कांग्रेस के समय से अच्छे संबंध हैं। मैंने बस एक औपचारिक मुलाकात की। कल मैं असम जा रही हूं, अपनी बहनों और माता जी से मिलने।
सुष्मिता देव के बारे में
उम्रः 54 साल
जन्म स्थानः सिलचर, असम
पेशाः वकील और राजनेता
पिताः संतोष मोहन देव (पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता)
राजनीतिक सफर
2013: असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता बनीं।
2014: असम की सिलचर लोकसभा सीट से पहली बार सांसद बनीं।
2014-2019: ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बनीं।
2019: सिलचर सीट से दोबारा चुनाव लड़ा। भाजपा उम्मीदवार से हारीं।
2021: कांग्रेस से इस्तीफा दिया। पार्टी की कार्यशैली पर सवाल उठाए।
2021: ममता बनर्जी की मौजूदगी में तृणमूल कांग्रेस (TMC) में शामिल हुई।
2021-2024: TMC की राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई।
2024: TMC ने उन्हें राज्यसभा सांसद बनाया। पार्टी का प्रमुख चेहरा बनीं।
2026: राज्यसभा सांसद से इस्तीफा दिया।



Post Comment