अमेरिका में राष्‍ट्रपति ट्रंप के खिलाफ सबसे बड़ा प्रदर्शन, ‘No Kings’ प्रोटेस्ट में सड़कों पर उतरे 70 लाख लोग

अमेरिका में राष्‍ट्रपति ट्रंप के खिलाफ सबसे बड़ा प्रदर्शन, ‘No Kings’ प्रोटेस्ट में सड़कों पर उतरे 70 लाख लोग

वॉशिंगटन डीसी: अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्‍ट ट्रंप के खिलाफ शनिवार को सबसे बड़ा प्रदर्शन हुआ। इस प्रदर्शन में देश के अलग-अलग शहरों में 2600 से ज्यादा रैलियां निकाली गईं। इन रैलियों में करीब 70 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। इन प्रदर्शनों को ‘नो किंग्स’ प्रोटेस्ट नाम दिया गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि राष्‍ट्रपति ट्रंप के शासन में देश तेजी से तानाशाही की ओर बढ़ रहा है।

इससे पहले जून में हुए पहली ‘नो किंग्स’ प्रदर्शन के दौरान लगभग 2100 जगह रैलियां निकाली गई थीं। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, बोस्टन, अटलांटा और शिकागो के पार्कों में भारी भीड़ जुटी। वॉशिंगटन, लॉस एंजिल्स और कई रिपब्लिकन शासित राज्यों में भी लोग सड़कों पर उतरे। रिपब्लिकन पार्टी ने इन प्रदर्शनों को हेट अमेरिका रैली (अमेरिका से नफरत करने वाले प्रदर्शन) करार दिया।

ट्रंप के कार्यकाल में तीसरा बड़ा विरोध प्रदर्शन

राष्ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप के कार्यकाल में हुआ यह तीसरा बड़ा प्रदर्शन है। खास बात यह है कि इस वक्त अमेरिका में शटडाउन लगा हुआ है। कई सरकारी सेवाएं ठप हैं। ट्रंप प्रशासन के ताकतवर रवैये को लेकर संसद और न्यायपालिका के साथ टकराव बढ़ गया है।

डोनाल्‍ड ट्रंप वीक एंड पर अपने फ्लोरिडा स्थित घर मार-ए-लागो में थे। एक टीवी इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वे मुझे राजा कह रहे हैं, लेकिन मैं कोई राजा नहीं हूं। बाद में उनकी सोशल मीडिया टीम ने एक वीडियो जारी किया, जिसमें ट्रंप को राजा के रूप में दिखाया गया था।

ट्रंप के खिलाफ प्रदर्शनकारियों ने जताई नाराजगी

प्रदर्शन में शामिल लोगों ने लोकतंत्र, न्याय और सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। ह्यूस्टन में अमेरिकी मरीन कोर के पूर्व सैनिक डैनियल गेमेज ने कहा, “मैं समझ नहीं पा रहा कि देश में अभी क्या हो रहा है।” इंडिविजिबल संगठन की को-फाउंडर लिया ग्रीनबर्ग ने कहा, “शांति से विरोध जताना और यह कहना कि हमारे पास कोई राजा नहीं है, यही अमेरिकी लोकतंत्र की पहचान है।”

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किया। पुलिस ने बताया कि कोई गिरफ्तारियां नहीं हुईं, जबकि पूरे शहर में 1 लाख से ज्यादा लोग शामिल थे। बोस्टन, फिलाडेल्फिया, अटलांटा, डेनवर, शिकागो और सिएटल में भी हजारों लोग इकट्ठा हुए। लॉस एंजिल्स के आसपास दर्जनों रैलियां हुईं। सिएटल में लोग शहर के स्पेस नीडल के पास करीब डेढ़ किमी लंबी परेड में शामिल हुए। सैन डिएगो में 25,000 से अधिक लोग शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल हुए।

Previous post

इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, अब UP के स्कूल-कॉलेजों में व्यावसायिक मेले या आयोजनों पर रोक

Next post

फतेहपुर में पटाखा मार्केट में लगी भीषण आग, 70 दुकानों में 3 करोड़ के पटाखे दगे; 50 बाइकें भी राख

Post Comment

You May Have Missed