पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में करारी हार बाद सोमवार (17 नवंबर) को पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेताओं के साथ समीक्षा बैठक की। ये बैठक पटना के एक पोलो रोड स्थित तेजस्वी आवास पर हुई है। लालू परिवार में जारी घमासान के बीच इस बैठक में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी और सांसद मीसा भारती भी शामिल हुईं। उनके अलावा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह, बाहुबली सूरजभान सिंह, विधायक भाई वीरेंद्र सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे।
बताया जा रहा है कि तेजस्वी यादव ने चुनाव में जीते और हारे हुए विधायकों को बुलाया है। सभी राजद नेता अपना-अपना रिपोर्ट कार्ड लेकर आए हैं। बैठक में तेजस्वी चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों से फीडबैक लिया। इसके बाद राजद विधायकों ने सर्वसम्मति से तेजस्वी यादव को विधायक दल का नेता चुन लिया।
बैठक में चुनाव में हुई चूक को जानना था मकसद
राजद सूत्रों का कहना है कि इस बैठक का मकसद यह पता करना था कि आखिर चूक कहां रह गई? जिन सीटों पर बेहद ही कम अंतर से हार मिली है, उन सीटों की भी समीक्षा की जा रही। साथ ही सीमांचल में राष्ट्रीय जनता दल की जड़ें कमजोर होने की वजह भी खोजी जा रही।
कल जेडीयू विधायक दल की बैठक
वहीं, मंगलवार को JDU विधायक दल की बैठक भी बुलाई गई है। भाजपा विधायक दल की भी बैठक होगी। इसके बाद कल होने वाली NDA की बैठक में विधायक दल का नेता चुना जाएगा, उसके बाद नई सरकार बनाने का दावा पेश किया जाएगा।