नकाब हटाने के मामले में बिहार सीएम नीतीश कुमार और मंत्री डॉ. संजय निषाद के खिलाफ तहरीर

नकाब हटाने के मामले में बिहार सीएम नीतीश कुमार और मंत्री डॉ. संजय निषाद के खिलाफ तहरीर

लखनऊ: समाजवादी पार्टी की प्रवक्ता और शायर मुनव्वर राणा की बेटी सुमैया राणा ने मंगलवार को कैसरबाग कोतवाली में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य मंत्री डॉ. संजय निषाद के खिलाफ तहरीर दी। उन्‍होंने कहा कि जब से बिहार के मुख्यमंत्री का वीडियो देखा था, तब से अजीब सी सोच दिमाग में आ रही थी कि यह लोग महिलाओं के प्रति कैसी सोच रखते हैं। एक महिला जो मुंह ढककर आ रही है, इसका मतलब वह पर्दा करती है। यह हरकत मानसिक दिवालियापन की निशानी है। यह देश महिला प्रधान देश रहा है, यहां पर महिलाओं को देवी के रूप में पूजा जाता है। इससे ज्यादा कुछ भी शर्मनाक नहीं हो सकता।

सुमैया राणा ने कहा कि जिस तरीके से संजय निषाद ने यह बयान दिया कि सिर्फ नकाब ही तो हटाया है, कहीं और नहीं छुआ इससे इनकी मानसिकता जाहिर होती है। महिलाओं को पूरे समाज को नफरत की नजर से देखा जा रहा है। यह भाजपा के घटक दल हैं। इनको मालूम है कि जब सैंया भये कोतवाल तो डर काहे का। पूरी बीजेपी पार्टी हमेशा महिलाओं के खिलाफ कार्य करती है, यह उसी का एक और उदाहरण है। जो यह लोग हंसी हंस रहे थे, वो इस समुदाय विशेष की खिल्ली उड़ाने का काम कर रहे थे, चिढ़ाने का काम कर रहे थे।

सांसद डिंपल यादव और इकरा हसन ने भी बताया अशोभनीय

वहीं, सीएम नीतीश कुमार द्वारा एक मुस्लिम महिला का हिजाब हटाने की कोशिश वाले वायरल वीडियो पर समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, “ऐसा काम किसी मुख्यमंत्री को शोभा नहीं देता।”

वहीं, सपा सांसद इकरा हसन ने कहा, “दु:ख की बात है कि राज्य में सबसे ऊंचे पद पर बैठे व्यक्ति ने ऐसा काम किया… हमें सीएम की सेहत की चिंता है…।”

Post Comment

You May Have Missed